HomeNEWSकानपुर में सपा की पीडीए जनसंदेश यात्रा का शुभारंभ, घर-घर पहुंचाया सामाजिक...

कानपुर में सपा की पीडीए जनसंदेश यात्रा का शुभारंभ, घर-घर पहुंचाया सामाजिक न्याय का संदेश

कैंट विधानसभा क्षेत्र से शुरू हुई यात्रा, बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक हुए शामिल

  • अंकित बाजपेई

कानपुर नगर। अखिलेश यादव के आह्वान पर समाजवादी पार्टी कानपुर महानगर द्वारा बुधवार को कैंट विधानसभा क्षेत्र में पीडीए (पिछड़ा, दलित एवं अल्पसंख्यक) जनसंदेश यात्रा का शुभारंभ किया गया। यात्रा की शुरुआत जाजमऊ पुरानी चुंगी से हुई और इसका नेतृत्व समाजवादी पार्टी कानपुर महानगर अध्यक्ष हाजी फज़ल महमूद ने किया।

पीडीए जनसंदेश यात्रा जाजमऊ पुरानी चुंगी से प्रारंभ होकर मककू शहीद का भट्टा, अशरफाबाद, मोती नगर, केडीए कॉलोनी, डिफेंस कॉलोनी सहित कैंट विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों से होकर गुजरी। इस दौरान समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने घर-घर संपर्क अभियान चलाकर लोगों से संवाद स्थापित किया तथा पार्टी की नीतियों, विचारधारा और सामाजिक न्याय के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हाजी फज़ल महमूद ने कहा कि पीडीए जनसंदेश यात्रा केवल एक राजनीतिक अभियान नहीं, बल्कि समाज के पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक, किसान, मजदूर, नौजवान और वंचित वर्गों की आवाज को मजबूत करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा समाज के उन सभी वर्गों तक पहुंचेगी जो अपने अधिकार, सम्मान और भागीदारी के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय, समान अवसर और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। पीडीए जनसंदेश यात्रा के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सुनेंगे और पार्टी की नीतियों से अवगत कराएंगे।

यात्रा में प्रमुख रूप से के. के. शुक्ला, शैलेंद्र यादव मिंटू, संजय सिंह बंटी सेंगर, मुमताज मंसूरी, इशरत इराकी, आसिफ शाह, जानकी वर्मा, फैसल महमूद सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी नेताओं ने दावा किया कि आगामी दिनों में यह जनसंदेश यात्रा शहर के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में भी निकाली जाएगी, जिसके माध्यम से पार्टी अपनी नीतियों और पीडीए अभियान के संदेश को व्यापक स्तर पर जनता तक पहुंचाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments