निजी नर्सिंग होम और चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई की मांग, सात दिन में कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी
- रोशनी सिंह
वाराणसी। समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय पहुंचकर शिवपुर स्थित डी.पी. नर्सिंग होम मैटरनिटी एंड सर्जिकल केयर के खिलाफ ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि रोहनियां विधानसभा क्षेत्र के अवलेशपुर निवासी रमेश पाल की पुत्री ज्योति पाल के किडनी स्टोन के ऑपरेशन में कथित चिकित्सीय लापरवाही बरती गई, जिससे उनकी हालत गंभीर हो गई।
ज्ञापन के अनुसार, ज्योति पाल का किडनी स्टोन का ऑपरेशन 10 अप्रैल 2026 को डी.पी. नर्सिंग होम में डॉ. ए.के. सिंह द्वारा किया गया था। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान हुई लापरवाही के कारण उनकी किडनी क्षतिग्रस्त हो गई। वर्तमान में उनका उपचार एक निजी अस्पताल में चल रहा है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि उपचार के नाम पर उनसे 1 लाख 32 हजार रुपये की राशि वसूली गई।
समाजवादी पार्टी की नेता पूजा यादव ने सीएमओ को दिए गए ज्ञापन में डी.पी. नर्सिंग होम एवं संबंधित चिकित्सक के खिलाफ जांच कर कार्रवाई किए जाने की मांग की। उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित नर्सिंग होम के लाइसेंस और चिकित्सक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

ज्ञापन में पीड़ित परिवार को आर्थिक राहत उपलब्ध कराने तथा उपचार में हुए खर्च की भरपाई कराने की भी मांग की गई। इसके साथ ही जनपद के निजी नर्सिंग होमों की व्यापक जांच कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई।
समाजवादी पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सात दिनों के भीतर मामले में प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो पार्टी पीड़ित परिवार के समर्थन में सीएमओ कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन करेगी। इस दौरान पार्टी नेताओं ने प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर भी अपनी चिंता व्यक्त की।
ज्ञापन सौंपने के दौरान पूजा सिंह, मंजू कन्नौजिया, अविजित सोनी, आशीष यादव, मंगलजीत कौर, पीड़िता के पिता रमेश पाल, माता सरोज पाल सहित समाजवादी पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि मामले में लगाए गए आरोपों पर संबंधित नर्सिंग होम अथवा चिकित्सक की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी थी।


