HomeNEWSउन्नाव को 570 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात, CM योगी ने...

उन्नाव को 570 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात, CM योगी ने विपक्ष पर साधा निशाना

101 परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास, लखनऊ-कानपुर रैपिड रेल और बाहरी रिंग रोड की योजना का किया जिक्र

  • गौरव मिश्रा

उन्नाव। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को उन्नाव में 570 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 101 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं का उल्लेख किया और विपक्षी दलों पर तीखा राजनीतिक हमला बोला।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्नाव को राज्य राजधानी क्षेत्र (एससीआर) में शामिल किए जाने से जिले के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि लखनऊ और कानपुर के बीच उन्नाव के माध्यम से रैपिड रेल कॉरिडोर विकसित करने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। इसके अलावा उन्नाव और कानपुर के बीच गंगा नदी पर दो नए पुलों के निर्माण को भी मंजूरी मिल चुकी है।

रैपिड रेल और रिंग रोड से बदलेगी तस्वीर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि दिल्ली-मेरठ रैपिड रेल परियोजना की तर्ज पर लखनऊ-उन्नाव-कानपुर रैपिड रेल कॉरिडोर विकसित करने की योजना बनाई जा रही है। साथ ही एक बाहरी रिंग रोड का प्रस्ताव भी तैयार किया गया है, जो लखनऊ, उन्नाव, सीतापुर, हरदोई, बाराबंकी और रायबरेली को आपस में जोड़ेगी। इससे क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा मिलेगा और आवागमन अधिक सुगम होगा।

डिफेंस कॉरिडोर से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्नाव में लगभग 700 एकड़ भूमि पर डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर और औद्योगिक क्लस्टर विकसित किया जा रहा है। इससे जिले के युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे और उन्हें रोजगार के लिए अन्य शहरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अगले 100 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे के विकास पर काम कर रही है। गंगा एक्सप्रेसवे और नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे जैसी परियोजनाएं उत्तर प्रदेश को नई पहचान दे रही हैं।

25 करोड़ प्रदेशवासी ही मेरा परिवार”

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के 25 करोड़ नागरिक ही उनका परिवार हैं और सरकार सभी वर्गों के कल्याण एवं समृद्धि के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि किसानों, महिलाओं, युवाओं और गरीबों के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है।

विपक्ष पर किया हमला

अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ राजनीतिक दलों ने विकास को सीमित क्षेत्रों तक ही सीमित रखा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष का रवैया हमेशा विकास कार्यों का विरोध करने वाला रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था और विकास दोनों मोर्चों पर व्यापक बदलाव देखने को मिला है।

लाभार्थियों को वितरित किए प्रमाण-पत्र और नियुक्ति पत्र

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र, चेक एवं नियुक्ति पत्र भी वितरित किए। उन्होंने विकास परियोजनाओं की सौगात मिलने पर उन्नाव की जनता को बधाई दी और कहा कि जिले में विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने उन्नाव की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत का भी उल्लेख किया। उन्होंने साहित्यकार पंडित सूर्यकांत त्रिपाठी ‘निराला’ तथा स्वतंत्रता सेनानी वीर गुलाब सिंह लोधी को नमन करते हुए जिले की गौरवशाली परंपरा को याद किया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments