भारतीय प्रतिरक्षा मजदूर संघ के नेतृत्व में प्रदर्शन, ठेका श्रमिकों के आर्थिक शोषण और लंबित मांगों को लेकर उठेगी आवाज
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। ठेका श्रमिकों की समस्याओं और उनके कथित आर्थिक शोषण के विरोध में भारतीय प्रतिरक्षा मजदूर संघ के नेतृत्व में प्रतिरक्षा कर्मचारी शुक्रवार को क्षेत्रीय श्रमायुक्त कार्यालय का घेराव करेंगे। इस संबंध में पूर्व में आयोजित बैठकों में प्रदर्शन की रणनीति तय की गई थी।
भारतीय प्रतिरक्षा मजदूर संघ के बैनर तले आयोजित कार्यकारिणी एवं ठेका श्रमिकों की संयुक्त बैठक में श्रमिक हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई थी। बैठक में यह निर्णय लिया गया था कि श्रमिकों की समस्याओं और मांगों को लेकर क्षेत्रीय श्रमायुक्त कार्यालय पर प्रदर्शन किया जाएगा।
संघ के पदाधिकारी मुकेश सिंह ने बताया कि रक्षा संस्थानों में कार्यरत ठेका श्रमिकों के साथ अन्याय हो रहा है तथा उनका आर्थिक शोषण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि श्रमिकों को उनके अधिकारों और सुविधाओं का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है, जिससे उनमें व्यापक असंतोष है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने ठेका श्रमिकों के हितों की रक्षा के लिए आयोग का गठन किया है। संघ की मांग है कि आयोग के माध्यम से ही रक्षा संस्थानों में ठेका श्रमिकों की नियुक्ति सुनिश्चित की जाए, जिससे उनके शोषण पर प्रभावी रोक लग सके और उन्हें निर्धारित सुविधाएं प्राप्त हों।
मुकेश सिंह ने कहा कि श्रमिकों की विभिन्न मांगों और समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर आज क्षेत्रीय श्रमायुक्त कार्यालय का घेराव किया जाएगा। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में प्रतिरक्षा कर्मचारी और ठेका श्रमिक शामिल होंगे।


