सांसद रमेश अवस्थी ने किया उद्घाटन, ‘फ्यूचर-रेडी नर्सिंग प्रैक्टिस’ विषय पर विशेषज्ञों ने साझा किए विचार
- सौम्या पाण्डेय
कानपुर नगर। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज, कानपुर के सभागार में आयोजित NURETHON 2026 एवं “Journal of Advanced Nursing Research and Practice (JANRP)” ई-जर्नल का शुभारंभ कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। कार्यक्रम में नर्सिंग शिक्षा, शोध एवं स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सशक्त बनाने पर व्यापक चर्चा की गई।
राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित इस सम्मेलन का मुख्य विषय “Future-Ready Nursing Practice” रहा, जिसके अंतर्गत स्वास्थ्य क्षेत्र में तेजी से हो रहे बदलावों, आधुनिक तकनीकों तथा भविष्य की चुनौतियों के अनुरूप नर्सिंग सेवाओं को तैयार करने पर विचार-विमर्श किया गया।
अपने संबोधन में सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में नर्सिंग पेशे की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने नर्सिंग शिक्षा एवं शोध को बढ़ावा देने के लिए ऐसे आयोजनों को समय की आवश्यकता बताते हुए प्रतिभागियों की सराहना की।

सम्मेलन में देशभर से आए विशेषज्ञों, शिक्षकों, शोधकर्ताओं एवं नर्सिंग विद्यार्थियों ने भाग लिया और नर्सिंग शिक्षा, शोध, नवाचार तथा रोगी देखभाल से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार साझा किए। इस दौरान प्रतिभागियों के बीच सार्थक संवाद और अनुभवों का आदान-प्रदान भी हुआ।
कार्यक्रम के दौरान “Journal of Advanced Nursing Research and Practice (JANRP)” ई-जर्नल का लोकार्पण भी किया गया, जो नर्सिंग शोध एवं अकादमिक गतिविधियों को नई दिशा प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
आयोजकों ने विश्वास व्यक्त किया कि यह सम्मेलन नर्सिंग पेशेवरों को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।


