केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित कार्यक्रम में जनकल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी
- अनुभव सिंह
हमीरपुर। केंद्र सरकार के सफल, जनकल्याणकारी एवं सुशासन के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ग्राम विवार में आयोजित रात्रि चौपाल कार्यक्रम में राठ विधानसभा क्षेत्र की भाजपा विधायक मनीषा अनुरागी ने सहभागिता करते हुए ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियों एवं जनहितकारी योजनाओं की जानकारी साझा करते हुए ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
विधायक मनीषा अनुरागी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पिछले 12 वर्षों में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को प्राथमिकता देते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए कार्य किया है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि तथा अन्य कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।

चौपाल के दौरान मनीषा अनुरागी ने ग्रामीणों की समस्याओं और सुझावों को भी गंभीरता से सुना तथा उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना भाजपा की प्राथमिकता है।
कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों ने विधायक के साथ खुलकर संवाद किया और क्षेत्रीय विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
मनीषा अनुरागी ने ग्रामीणों से सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और विकसित भारत के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया।


