
राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला और विधायक नीलिमा कटियार ने किया लोकार्पण, गांव में विकास कार्यों को मिली नई गति
- आशीष तिवारी
कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने अकबरपुर-रनिया विधानसभा क्षेत्र के मैथा विकासखंड अंतर्गत ग्राम नहरीबरी में विधायक निधि से निर्मित इंटरलॉकिंग सड़क का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उनके साथ कल्याणपुर विधायक नीलिमा कटियार भी मौजूद रहीं।
लगभग ₹9.923 लाख की लागत से निर्मित यह सड़क हनुमान मंदिर से ग्राम नहरीबरी तक करीब 250 मीटर लंबी बनाई गई है। राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला एवं विधायक नीलिमा कटियार ने फीता काटकर सड़क का लोकार्पण किया और ग्रामीणों को इस विकास कार्य की सौगात दी।
राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि प्रदेश सरकार गांवों में आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, बेहतर सड़क संपर्क और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि यह सड़क ग्रामीणों के आवागमन को अधिक सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के साथ-साथ क्षेत्र के विकास को नई गति प्रदान करेगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार का लक्ष्य विकास का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। गांवों में सड़क, बिजली, पानी और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार योजनाबद्ध तरीके से कार्य किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता, ग्रामवासी एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कार्य के लिए प्रदेश सरकार और जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।


