जियोटैगिंग व्यवस्था, गेट पास समय सीमा और मंडी शुल्क के विरोध में उठी आवाज
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। भारतीय कृषि उत्पाद उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के तत्वावधान में राष्ट्रीय अध्यक्ष ज्ञानेश मिश्र की अध्यक्षता में नौबस्ता गल्ला मंडी में व्यापारी संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके साथ ही प्रदेश की विभिन्न मंडियों के व्यापारियों के साथ ऑनलाइन संवाद भी किया गया। बैठक में प्रदेश की मंडियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर 22 जून से 30 जून तक प्रदेशव्यापी आंदोलन चलाने की घोषणा की गई।
बैठक में व्यापारियों ने 1 जुलाई से प्रयोग के तौर पर दो माह के लिए लागू की जा रही वाहन जियोटैगिंग व्यवस्था, गेट पास की निर्धारित समय सीमा, लाइसेंस नवीनीकरण में दो गारंटर की अनिवार्यता, पार्टनरशिप फर्म गठन की जटिल प्रक्रिया तथा भूने चने पर मंडी शुल्क लगाए जाने का विरोध किया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ज्ञानेश मिश्र ने बताया कि नौबस्ता गल्ला मंडी में करीब 100 व्यापारी उपस्थित रहे, जबकि प्रदेश की लगभग 50 मंडियों के व्यापारी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े। उन्होंने कहा कि 9 क्विंटल से अधिक और पूरे ट्रक से कम कृषि उत्पादों को ट्रांसपोर्ट नगर भेजने की स्थिति में वाहनों की दो बार टैगिंग व्यवहारिक नहीं है। ऐसे में नई समानांतर ऑनलाइन व्यवस्था को वापस लिया जाना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि गेट पास जारी होने के बाद निर्धारित की गई समय सीमा बहुत कम है, जिसके कारण अधिकांश वाहन समय सीमा पार कर रहे हैं और व्यापारियों पर कार्रवाई तथा जुर्माना लगाने की स्थिति बन रही है।
भारतीय कृषि उत्पाद उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अजय बाजपेयी ने कहा कि छोटे वाहनों से भेजे जाने वाले किराना एवं कृषि उत्पादों की दोबारा वाहन टैगिंग व्यावहारिक नहीं है। इसलिए इस व्यवस्था को समाप्त किया जाना चाहिए।
जिला वरिष्ठ महामंत्री गोपाल शुक्ला ने कहा कि वर्ष 2020 से संचालित ऑनलाइन व्यवस्था के साथ एक नई समानांतर ऑनलाइन व्यवस्था लागू करना उचित नहीं है। इससे कृषि उत्पादों के व्यापार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।
व्यापारियों ने भूने चने पर लगाए जा रहे मंडी शुल्क का भी विरोध किया। उनका कहना है कि भूना चना एक प्रोसेस्ड एवं रेडी-टू-ईट उत्पाद है, इसलिए इस पर मंडी शुल्क नहीं लगाया जाना चाहिए।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि इन सभी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर 22 जून से 30 जून तक प्रदेशभर में आंदोलन चलाया जाएगा। साथ ही संगठन द्वारा बुंदेलखंड क्षेत्र के दो दिवसीय दौरे के दौरान व्यापारियों एवं उद्यमियों के साथ संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में जिला महामंत्री अर्जित गुप्ता (अज्जू), कोषाध्यक्ष राजेंद्र मिश्र, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनोज द्विवेदी, शिवकुमार गुप्ता, अनीस शुक्ला, संदीप तिवारी, अजय गुप्ता सोनी, आशीष गुप्ता, आशु गुप्ता, कार्तिकेय गुप्ता, अशोक गुप्ता, प्रकाश गुप्ता, गोपाल वर्मा, महेश गुप्ता, रसिक ओमर एवं शुभम गौतम सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।


