HomeNEWSझांसी में CM योगी ने किया योगाभ्यास, बोले- प्रधानमंत्री मोदी ने योग...

झांसी में CM योगी ने किया योगाभ्यास, बोले- प्रधानमंत्री मोदी ने योग और भारतीय विरासत को दिलाई वैश्विक पहचान

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सामूहिक योग कार्यक्रम में हुए शामिल, ‘स्वस्थ बुढ़ापे के लिए योग’ थीम को बताया जनकल्याणकारी

  • रवि कुमार गुप्ता

झांसी। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने झांसी में आयोजित विशेष कार्यक्रम में भाग लेकर सामूहिक योगाभ्यास किया। इस दौरान उन्होंने योग को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘स्वस्थ बुढ़ापे के लिए योग’ रखी गई है, जिसका उद्देश्य लोगों को स्वस्थ, सक्रिय और संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक और आध्यात्मिक उन्नति का भी सशक्त आधार है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश के सभी नागरिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आभारी हैं, जिन्होंने भारत की प्राचीन परंपराओं, संस्कृति और योग जैसी अमूल्य विरासत को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व के कारण आज 140 करोड़ भारतीय गर्व के साथ विश्व पटल पर आगे बढ़ रहे हैं और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में योगदान दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रत्येक वर्ष देश के विभिन्न राज्यों में आयोजित योग दिवस कार्यक्रमों में स्वयं भाग लेकर योग आंदोलन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रहे हैं। उनके नेतृत्व में योग भारत की सीमाओं से निकलकर विश्व के अधिकांश देशों तक पहुंच चुका है और करोड़ों लोग इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने लोगों से नियमित योग करने का आह्वान करते हुए कहा कि योग स्वस्थ समाज, सशक्त राष्ट्र और समृद्ध जीवन का आधार है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने भी सामूहिक योगाभ्यास में भाग लिया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments