
विशेष योग शिविर में महिलाओं सहित बड़ी संख्या में लोगों ने किया योगाभ्यास, योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाने पर दिया गया जोर
- नरेश राठौर
झांसी। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर अटल सेवा संस्थान के तत्वावधान में एक विशेष योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संस्थान के सदस्यों, महिलाओं एवं क्षेत्र के नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया।
संस्थान की विशेषता यह रही कि यहां केवल योग दिवस के अवसर पर ही नहीं, बल्कि वर्ष के 365 दिन नियमित रूप से योग शिविर का संचालन किया जाता है। संस्थान द्वारा निरंतर लोगों को योग के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

योग शिविर में योग गुरु सुनीता गुबरेले ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया तथा उनके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने उपस्थित लोगों को नियमित योगाभ्यास करने के लिए प्रेरित करते हुए योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
योग गुरु सुनीता गुबरेले ने कहा कि अक्सर लोग केवल अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर ही योग के प्रति जागरूक होते हैं, जबकि स्वस्थ और संतुलित जीवन के लिए नियमित योगाभ्यास अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि अटल सेवा संस्थान लगातार इस दिशा में कार्य करते हुए समाज को स्वस्थ बनाने का प्रयास कर रहा है।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने योग को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाने तथा स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया। इस अवसर पर अटल सेवा संस्थान के पदाधिकारी, सदस्य एवं अन्य गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे।


