- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। कानपुर महानगर कांग्रेस के तत्वावधान में स्वर्गीय संजय गांधी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा उनके योगदान को स्मरण किया। साथ ही लखनऊ कोचिंग अग्निकांड में जान गंवाने वाले विद्यार्थियों को भी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके प्रति शोक संवेदना व्यक्त की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता ने कहा कि संजय गांधी ने युवाओं को राजनीति और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य किया। उन्होंने कहा कि जनसेवा के प्रति उनका समर्पण और उनके विचार आज भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को प्रेरणा प्रदान करते हैं। उन्होंने संजय गांधी के पांच सूत्रीय कार्यक्रमों को आज भी प्रासंगिक बताते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
पूर्व अध्यक्ष हरिप्रकाश अग्निहोत्री ने कहा कि संजय गांधी के व्यक्तित्व और कार्यों को लेकर समय-समय पर विरोधियों द्वारा भ्रामक बातें फैलाई गईं, लेकिन उनका योगदान और जनसेवा की भावना सदैव स्मरणीय रहेगी।
श्रद्धांजलि सभा के दौरान कांग्रेसजनों ने लखनऊ कोचिंग अग्निकांड में मृत विद्यार्थियों के प्रति गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से पवन गुप्ता, हरिप्रकाश अग्निहोत्री, संजय शाह, शंकर दत्त मिश्रा, बृजभान राय, आनंद शुक्ला, विनय पांडेय, मनोज दुबे, रवि बाजपेयी, धर्मेंद्र सिंह, विनोद अवस्थी, शिव शंकर चौरसिया, चंद्रमणि मिश्रा, महपारा बेगम, रमणीक चतुर्वेदी, जितेंद्र ब्रह्म एवं राजेश सविता सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


