HomeNEWSसातवीं मोहर्रम के जुलूस मार्ग का पुलिस अधिकारियों ने किया निरीक्षण

सातवीं मोहर्रम के जुलूस मार्ग का पुलिस अधिकारियों ने किया निरीक्षण

शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और संवेदनशील क्षेत्रों की समीक्षा

  • ऋषभ कुमार

कानपुर नगर। सातवीं मोहर्रम पर्व के अवसर पर थाना चमनगंज क्षेत्र से निकलने वाले जुलूसों के शांतिपूर्ण, सकुशल एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। बुधवार को पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल) अतुल कुमार श्रीवास्तव, अपर पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल) डॉ. अर्चना सिंह एवं सहायक पुलिस आयुक्त सीसामऊ प्रगति यादव ने जुलूस मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जुलूस मार्ग का भ्रमण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की और संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए।

इस अवसर पर ताजियादारों एवं जुलूस आयोजकों से संवाद स्थापित करते हुए अपील की गई कि निर्धारित मानकों का पालन करते हुए झंडों एवं अन्य सामग्रियों की ऊंचाई सीमित रखें, जिससे विद्युत तारों अथवा अन्य अवरोधों के कारण किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे।

पुलिस अधिकारियों ने सभी आयोजकों एवं संभ्रांत नागरिकों से आपसी सहयोग, समन्वय एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की। साथ ही असामाजिक तत्वों एवं माहौल खराब करने वाले व्यक्तियों पर सतर्क निगरानी रखते हुए उनके विरुद्ध तत्काल प्रभावी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बीट उपनिरीक्षकों एवं बीट आरक्षियों को संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर प्रत्येक गतिविधि पर नजर रखने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

पुलिस प्रशासन की ओर से आमजन एवं धार्मिक आयोजकों से अपील की गई कि किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना अथवा आपत्तिजनक संदेशों पर विश्वास न करें और बिना सत्यापन के उन्हें सोशल मीडिया अथवा अन्य माध्यमों से प्रसारित न करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने को कहा गया है।

सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता सुनिश्चित करने, फुटेज की निरंतर निगरानी, ड्रोन कैमरों से पर्यवेक्षण तथा कंट्रोल रूम के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने के संबंध में भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

जनपद पुलिस ने सभी नागरिकों से शांति, सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है, ताकि मोहर्रम पर्व शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments