अकबरपुर, भोगनीपुर और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई, 9 लाख के जेवर, नकदी, हथियार व बाइक बरामद
- आशीष तिवारी
कानपुर देहात। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति के तहत थाना अकबरपुर, थाना भोगनीपुर और एसओजी की संयुक्त टीम ने एक अंतरजनपदीय शातिर नकबजनी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये के जेवर, नकदी, अवैध हथियार तथा चोरी में प्रयुक्त सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों में चांद बाबू, उमर पुत्र अल्लाह रक्खू तथा अरवाज पुत्र निशाद शामिल हैं। ये शातिर नकबजन लगातार कानपुर देहात के भोगनीपुर, अकबरपुर तथा घाटमपुर क्षेत्र में चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। पुलिस ने इनके कब्जे से हाल की छह चोरी की घटनाओं का खुलासा किया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी चांद बाबू के खिलाफ 18 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि उमर पर सात तथा अरवाज पर छह से सात मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं। तीनों अभियुक्तों की आपराधिक पृष्ठभूमि को देखते हुए पुलिस इन्हें संगठित गिरोह के रूप में चिह्नित कर रही है।
गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से मंगलसूत्र, झुमके, पायल, अंगूठियां सहित करीब नौ लाख रुपये मूल्य के जेवरात बरामद किए गए हैं। इसके अतिरिक्त एक लाख 18 हजार 200 रुपये नकद, एक पैशन प्रो मोटरसाइकिल, दो देशी तमंचे .315 बोर, तीन जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा नकबजनी में प्रयुक्त सब्बल और लोहे के अन्य औजार भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार गिरोह के कुछ अन्य सदस्य अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही शेष आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले के खुलासे के बाद पुलिस उपमहानिरीक्षक द्वारा भी टीम को प्रोत्साहित करते हुए इनाम घोषित किया गया है। पुलिस द्वारा गिरोह से जुड़े अन्य तथ्यों एवं फरार आरोपियों की तलाश जारी है तथा जांच में सामने आने वाली नई जानकारियों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


