दादरी के बिशनूली गांव में आयोजित जन पंचायत में भाजपा सरकार की नीतियों पर साधा निशाना
- आशा चौधरी
ग्रेटर नोएडा (गौतमबुद्ध नगर)। समाजवादी पार्टी द्वारा दादरी क्षेत्र के गांव बिशनूली में युवा नेता रजनीश रौसा के संयोजन में पीडीए जन पंचायत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सुधीर भाटी ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। उन्होंने कहा कि डीजल, पेट्रोल, रसोई गैस तथा रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आम नागरिकों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महंगाई और बेरोजगारी जैसी समस्याओं पर प्रभावी कदम उठाने में असफल रही है। उनके अनुसार सरकार की नीतियों का लाभ कुछ चुनिंदा औद्योगिक घरानों को मिल रहा है, जबकि आम जनता महंगाई और बेरोजगारी से जूझ रही है।
सुधीर भाटी ने कहा कि प्रदेश की जनता सरकार की नीतियों से परेशान है और आने वाले समय में बदलाव चाहती है। उन्होंने समाजवादी पार्टी की पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से फकीर चंद्र नागर, इंदर प्रधान, रामशरण नागर एडवोकेट, सुरेंद्र नागर, सुनीता यादव, नितिन भाटी, जगवीर नंबरदार, रोहित मत्ते गुर्जर, देवेंद्र भाटी, राहुल नंबरदार, हैप्पी पंडित, सुशील नागर, मनोज नागर एवं सुरेंद्र भाटी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।


