विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर सपा का डीएम कार्यालय पर प्रदर्शनमहंगाई, बेरोजगारी, चढ़ावा चोरी और किसानों की समस्याओं को लेकर सौंपा ज्ञापन
आशा चौधरी
गाजियाबाद। समाजवादी पार्टी द्वारा गाजियाबाद जिलाधिकारी कार्यालय पर विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। प्रदर्शन के दौरान पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने प्रभु श्रीराम मंदिर में चंदा एवं चढ़ावे की कथित चोरी, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, प्राथमिक विद्यालयों के बंद होने, किसानों की बदहाली, प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार पेपर लीक तथा सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करने वाले मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि आम जनता महंगाई और बेरोजगारी से जूझ रही है, जबकि सरकार जनहित के मुद्दों पर ध्यान देने में विफल रही है। वक्ताओं ने कहा कि किसानों की समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं तथा युवाओं के भविष्य के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं के माध्यम से खिलवाड़ हो रहा है।

सपा नेताओं ने धार्मिक आस्थाओं से जुड़े मामलों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग करते हुए कहा कि जनता की भावनाओं और आस्थाओं का सम्मान किया जाना चाहिए। साथ ही समाज में भाईचारे और सौहार्द को बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
प्रदर्शन में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व राज्य मंत्री रमेश प्रजापति, पूर्व एमएलसी राकेश प्रजापति, प्रदेश सचिव धर्मवीर डबास, जिलाध्यक्ष फैजल हुसैन, महानगर अध्यक्ष वीरेंद्र यादव, प्रदेश सचिव अभिषेक गर्ग, प्रवक्ता भुवन जोशी, पूर्व सदस्य महिला आयोग राज देवी चौधरी, महिला सभा की जिलाध्यक्ष श्रीमती दुर्गेश चौधरी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।


