सीएसए के वस्त्र एवं परिधान विभाग में विद्यार्थियों को आधुनिक सिलाई एवं कढ़ाई तकनीकों का दिया जा रहा प्रशिक्षण
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कानपुर के वस्त्र एवं परिधान विभाग द्वारा “उच्च तकनीकी की सिलाई मशीनों से उन्नत सिलाई एवं विभिन्न प्रकार की कढ़ाई” विषय पर कार्यशाला एवं प्रायोगिक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन गारमेंट कंस्ट्रक्शन लैब में किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय की अधिष्ठाता डॉ. सीमा सोनकर ने कहा कि वर्तमान समय में वस्त्र एवं परिधान उद्योग तेजी से तकनीकी रूप से विकसित हो रहा है। ऐसे में विद्यार्थियों को आधुनिक मशीनों का व्यवहारिक ज्ञान प्रदान करना अत्यंत आवश्यक है, जिससे वे उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को तैयार कर सकें।
कार्यशाला का आयोजन डॉ. अर्चना सिंह, डॉ. एकता शर्मा, डॉ. ऋतु पाण्डेय तथा डॉ. अंकिता यादव के निर्देशन में किया जा रहा है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को आधुनिक एवं उच्च तकनीकी मशीनों के माध्यम से सिलाई एवं कढ़ाई द्वारा वस्त्रों को आकर्षक बनाने की तकनीकों की जानकारी दी जा रही है।
उषा इंटरनेशनल के विशेषज्ञ दीपक निगम द्वारा आधुनिक सिलाई एवं एम्ब्रॉयडरी मशीनों का प्रदर्शन एवं प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। तीन दिवसीय इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में विद्यार्थियों को उषा मार्वेला, एल्योर डीलक्स, वंडर स्टिच एवं वंडर स्टिच प्लस मशीनों की विशेषताओं, संचालन प्रक्रिया तथा उन्नत तकनीकों की जानकारी दी जा रही है।
प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को मशीनों पर स्वयं कार्य करने का अवसर भी दिया गया, जिससे उन्होंने विभिन्न प्रकार की सिलाई, सजावटी टांके, एम्ब्रॉयडरी डिजाइनों तथा आधुनिक मशीनों की स्मार्ट सुविधाओं का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया।
कार्यशाला में प्रतिभागियों को डिजिटल कंट्रोल सिस्टम, ऑटो थ्रेड कटर, नीडल अप-डाउन सुविधा, विभिन्न स्टिच पैटर्न तथा एम्ब्रॉयडरी डिजाइनों के उपयोग की विस्तृत जानकारी भी प्रदान की गई।
विभाग के शिक्षकों ने विद्यार्थियों को प्रशिक्षण का अधिकतम लाभ उठाने तथा आधुनिक तकनीकों को अपनाकर रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसरों की ओर अग्रसर होने के लिए प्रेरित किया।


