नवनिर्मित मुलाकात शेड का उद्घाटन, बंदियों की सुविधाओं एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा
- मोहित कुमार
महोबा। माननीय जनपद न्यायाधीश एवं पुलिस अधीक्षक महोबा द्वारा उपकारागार महोबा का त्रैमासिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने जेल परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान माननीय जनपद न्यायाधीश एवं पुलिस अधीक्षक महोबा ने उपकारागार परिसर में नवनिर्मित मुलाकात शेड का उद्घाटन किया। इस सुविधा से बंदियों एवं उनके परिजनों को मुलाकात के दौरान बेहतर व्यवस्था उपलब्ध हो सकेगी।
निरीक्षण के दौरान महिला एवं पुरुष बंदियों की आवासीय बैरकों, भोजनालय, चिकित्सालय, साफ-सफाई व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था तथा पाठशाला सहित उपकारागार की विभिन्न व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया गया।
अधिकारियों ने बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली तथा स्वच्छता, सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही जेल प्रशासन को बंदियों की स्वास्थ्य सुविधाओं एवं नियमित व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने के लिए निर्देशित किया गया।
माननीय जनपद न्यायाधीश एवं पुलिस अधीक्षक ने उपकारागार की व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी एवं सुव्यवस्थित बनाए जाने पर जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।


