
सपा कार्यकर्ताओं की बैठक में बोले— बूथ मजबूत करें, भाजपा की साजिशों से रहें सतर्क; परिसीमन और महिला आरक्षण पर भी उठाए सवाल
- अखिलेश कुमार अग्रहरि
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि यदि लोकतांत्रिक व्यवस्था और संविधान सुरक्षित नहीं रहे, तो वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव देश का अंतिम स्वतंत्र चुनाव साबित हो सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी लोकतंत्र को कमजोर कर एक नई तरह की व्यवस्था लागू करना चाहती है।
सोमवार को समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय में लखनऊ जनपद के सांसदों, विधायकों, पूर्व विधायकों, पदाधिकारियों एवं बूथ स्तर तक के प्रमुख कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि 2027 का चुनाव केवल सरकार बदलने का नहीं, बल्कि संविधान और लोकतंत्र को बचाने का चुनाव होगा।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और भाजपा की हर रणनीति पर पैनी नजर रखने का आह्वान किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा झूठ और षड्यंत्र की राजनीति करती है तथा चुनावों को प्रभावित करने के लिए प्रशासनिक तंत्र का दुरुपयोग करती है। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव का उदाहरण देते हुए उन्होंने दावा किया कि वहां केंद्रीय एजेंसियों और प्रशासन का राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल किया गया।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा लगातार लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर कर रही है और विपक्ष के जनप्रतिनिधियों को अपने पक्ष में करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में प्रशासनिक स्तर पर होने वाली कथित साजिशों का मुकाबला करने के लिए समाजवादी पार्टी पूरी तैयारी करेगी।
महिला आरक्षण और परिसीमन के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी महिला आरक्षण का समर्थन करती है, लेकिन भाजपा इसकी आड़ में निर्वाचन क्षेत्रों में मनमाने बदलाव करना चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा केवल लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाने और राजनीतिक लाभ के लिए परिसीमन की योजना बना रही है।
उन्होंने कहा कि संसद का आगामी जुलाई सत्र बेहद महत्वपूर्ण होगा और इन विषयों पर गंभीर चर्चा होगी। अखिलेश यादव ने दावा किया कि लोकसभा चुनाव में भाजपा को झटका मिलने के बाद पार्टी में घबराहट का माहौल है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा ने कोई बड़ा नया विकास कार्य नहीं किया और समाजवादी सरकार की परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास कर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रही है।
बैठक के अंत में उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने


