डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में 147 शिकायतों की सुनवाई, 11 का मौके पर निस्तारण; किसानों, दिव्यांगजनों और जरूरतमंदों को योजनाओं का लाभ
- प्रियंका द्विवेदी
कानपुर नगर। सदर तहसील क्षेत्र के मर्चेंट चैंबर ऑफ कॉमर्स में सोमवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। शिविर में वर्षों से लंबित मामलों के समाधान पर विशेष जोर दिया गया। इस दौरान यशोदा नगर निवासी प्रेम प्रकाश तिवारी की करीब 10 वर्ष पुरानी राजस्व संबंधी समस्या का समाधान करते हुए उन्हें संशोधित खतौनी उपलब्ध कराई गई।
प्रेम प्रकाश तिवारी लंबे समय से राजस्व अभिलेखों में त्रुटि सुधार के लिए भटक रहे थे। जिलाधिकारी के निर्देश पर हुई जांच के बाद गलत तरीके से दर्ज काश्तकारों के नाम हटाए गए और उन्हें संशोधित खतौनी सौंप दी गई।
संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 147 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 11 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। जिलाधिकारी ने शेष सभी मामलों का गुणवत्तापूर्ण समाधान सात दिनों के भीतर सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
प्राप्त शिकायतों में 50 राजस्व, 25 नगर निगम, 19 कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए), 18 पुलिस, 8 केस्को, 8 शिक्षा विभाग तथा 2 स्वास्थ्य विभाग से संबंधित मामले शामिल रहे।

शिविर के दौरान बिनगवां निवासी कंचन सिंह को झटपट पोर्टल के माध्यम से नया बिजली कनेक्शन जारी किया गया। छपेड़ा पुलिया निवासी शिवम त्रिपाठी को दिव्यांग पेंशन के लिए आवश्यक आय प्रमाण पत्र मौके पर उपलब्ध कराया गया। लक्ष्मीपुरवा में केला देवी के घर के सामने जमा कूड़ा तत्काल हटवाया गया, जबकि गंभीरपुर निवासी प्रकाश नारायण की शिकायत पर खराब स्ट्रीट लाइट को ठीक कराया गया। वहीं मधू त्रिपाठी और रामचंद्र के बिजली बिलों की विसंगतियों का भी मौके पर समाधान किया गया।
राजस्व मामलों में रूपरानी और सृजना देवी के नाम अभिलेखों में दर्ज किए गए, जबकि लोकेंद्र प्रताप सिंह की वरासत का आवेदन स्वीकृत किया गया। मृतक विमल कुमार गौतम की पत्नी के खाते में स्वीकृत आर्थिक सहायता राशि का तत्काल अंतरण भी कराया गया।
समाधान दिवस के साथ आयोजित विशेष शिविरों में विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी पात्र लोगों को प्रदान किया गया। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने 20 दिव्यांगजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया, जिनमें 17 यूडीआईडी कार्ड मौके पर बनाए गए। 5 लाभार्थियों का दिव्यांग पेंशन तथा 8 का सहायक उपकरणों के लिए पंजीकरण किया गया।
किसानों के लिए लगाए गए विशेष शिविर में एलडीएम आदित्य चंद्रा की उपस्थिति में 24 किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) वितरित किए गए।
इस अवसर पर डीसीपी सत्यजीत गुप्ता, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जैन, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं एसडीएम सदर अनुभव सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरिदत्त नेमी, केडीए सचिव अभय पांडेय, अपर नगर आयुक्त अनूप कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


