
एंटी रोमियो एवं मिशन शक्ति प्रभारी ने रक्तदान कर दिया मानवता का संदेश, मानस रक्तकेंद्र में हुआ सम्मान
- निखिल गुप्ता
फतेहपुर। एंटी रोमियो एवं मिशन शक्ति प्रभारी सब इंस्पेक्टर प्रीति कटियार ने अपनी शादी की 10वीं सालगिरह को समाज सेवा से जोड़ते हुए एक प्रेरणादायी पहल की। उन्होंने ‘सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन’ के सहयोग से मानस रक्तकेंद्र पहुंचकर अपना पांचवां स्वैच्छिक रक्तदान किया और लोगों से नियमित रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की।
इस अवसर पर सब इंस्पेक्टर प्रीति कटियार ने कहा कि विवाह वर्षगांठ जैसे व्यक्तिगत खुशी के अवसरों को यदि समाज सेवा से जोड़ा जाए तो उसका महत्व और बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि रक्त की एक-एक बूंद किसी जरूरतमंद के लिए जीवनदायिनी साबित हो सकती है, इसलिए प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर स्वैच्छिक रक्तदान करना चाहिए।
मानस रक्तकेंद्र में मनाई गई विवाह वर्षगांठ
रक्तदान के बाद मानस रक्तकेंद्र में प्रीति कटियार और उनके परिजनों की उपस्थिति में केक काटकर विवाह की 10वीं वर्षगांठ मनाई गई। इस दौरान मानस रक्तकेंद्र के प्रभारी अमन यादव ने उन्हें प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया और समाज सेवा के प्रति उनके समर्पण की सराहना की।
कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
रक्तदान कार्यक्रम में सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन से गुरमीत सिंह एवं रंजीत प्रताप उपस्थित रहे। वहीं मानस रक्तकेंद्र की ओर से प्रभारी अमन यादव, टेक्नीशियन अनामिका पाल और विष्णु सिंह भी मौजूद रहे। सभी ने सब इंस्पेक्टर प्रीति कटियार को विवाह वर्षगांठ की शुभकामनाएं देते हुए उनके इस मानवीय एवं प्रेरणादायी कदम की सराहना की।


