
कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में मिड-डे मील की गुणवत्ता भी परखी
- रितिका शुक्ला
झांसी। महानिदेशक स्कूल शिक्षा, उत्तर प्रदेश मोनिका रानी (आईएएस) ने जनपद झांसी के विकासखंड बबीना स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, टपरियन का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

विद्यालय में महानिदेशक ने छात्राओं से संवाद कर उनकी पढ़ाई, विद्यालय की व्यवस्थाओं एवं भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की। उन्होंने छात्राओं को मन लगाकर अध्ययन करने, अनुशासन बनाए रखने तथा अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयास करने का मार्गदर्शन दिया।
भ्रमण के दौरान मोनिका रानी ने छात्राओं के साथ बैठकर मिड-डे मील का स्वाद लिया तथा उसकी गुणवत्ता का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

महानिदेशक के जनपद भ्रमण के दौरान प्रस्तावित सभी कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुए। इस अवसर पर शिक्षा विभाग के अधिकारी, विद्यालय प्रशासन एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


