एसपी श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय की पहल से पति-पत्नी ने आपसी मतभेद भुलाकर साथ रहने की जताई सहमति
- आशीष तिवारी
कानपुर देहात। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय के निर्देशन में संचालित ‘प्रोजेक्ट नई किरण’ के तहत एक बार फिर बिखरते परिवारों को जोड़ने की पहल सफल रही। अभियान के अंतर्गत चार परिवारों में आपसी संवाद एवं काउंसलिंग के माध्यम से पति-पत्नी के बीच सुलह-समझौता कराया गया, जिसके बाद सभी दंपति खुशी-खुशी साथ रहने के लिए सहमत हो गए।
पुलिस की ओर से दोनों पक्षों की समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुनने के बाद आपसी बातचीत और समझाइश के माध्यम से मतभेद दूर कराने का प्रयास किया गया। काउंसलिंग के बाद सभी परिवारों ने आपसी विश्वास के साथ अपने वैवाहिक जीवन को नई शुरुआत देने का निर्णय लिया।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय ने बताया कि ‘प्रोजेक्ट नई किरण’ का उद्देश्य पारिवारिक विवादों का सौहार्दपूर्ण समाधान कर बिखरते परिवारों को पुनः एकजुट करना तथा सामाजिक सौहार्द को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि जहां भी संभव हो, आपसी संवाद और समझदारी के माध्यम से विवादों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है।
कानपुर देहात पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि पारिवारिक विवादों की स्थिति में संवाद और कानूनी परामर्श का सहारा लें, ताकि परिवारों को टूटने से बचाया जा सके और सामाजिक समरसता बनी रहे।


