लंबित मामलों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर, अपराधियों के सत्यापन अभियान के निर्देश
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। पुलिस उपायुक्त (पूर्वी) सत्यजीत गुप्ता ने पुलिस उपायुक्त पूर्वी कार्यालय में थाना महाराजपुर के विवेचकों का अर्दली रूम आयोजित कर लंबित विवेचनाओं की समीक्षा की। बैठक में विभिन्न मामलों की प्रगति का आकलन करते हुए विवेचकों को आवश्यक दिशा-निर्देश एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
समीक्षा के दौरान डीसीपी ने बिना उचित कारण विवेचनाओं को लंबित रखने वाले विवेचकों को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने सभी मामलों की निष्पक्ष जांच करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर विधिक कार्रवाई पूर्ण कर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने विवेचकों को निर्देशित किया कि जांच के दौरान भौतिक एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का प्रभावी उपयोग किया जाए, ताकि प्रत्येक मामले की विवेचना साक्ष्य आधारित और मजबूत हो।
बैठक में अपराधी प्रवृत्ति के व्यक्तियों, सांप्रदायिक तत्वों एवं माफिया से जुड़े लोगों का घर-घर जाकर भौतिक सत्यापन करने के निर्देश भी दिए गए। डीसीपी ने कहा कि आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध प्रभावी एवं विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे कानून-व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हो सके।


