थाना रेउना पुलिस ने 12 साइबर अपराधियों को किया गिरफ्तार, फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर लोगों से वसूलते थे रकम
- अंकित बाजपेई
कानपुर नगर। उत्तर प्रदेश पुलिस के डीजीपी द्वारा संचालित ‘CY Vajra’ अभियान के तहत साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान में कानपुर कमिश्नरेट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस आयुक्त के निर्देशन में, पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) दीपेन्द्र नाथ चौधरी एवं अपर पुलिस उपायुक्त अपराध/ऑपरेशन के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त घाटमपुर के नेतृत्व में थाना रेउना पुलिस ने एक संगठित साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 12 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त फर्जी सिम कार्ड और मोबाइल नंबरों का उपयोग कर लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना में आवास स्वीकृत होने का झांसा देते थे। इसके नाम पर रजिस्ट्रेशन शुल्क जमा कराने के बहाने ऑनलाइन ठगी की जाती थी। इसके अलावा आरोपी स्वयं को पुलिस या विजिलेंस अधिकारी बताकर अश्लील वीडियो देखने के नाम पर गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई का भय दिखाते थे। फोन पर पुलिस सायरन की आवाज सुनाकर लोगों को डराया जाता और फिर गूगल पे, फोनपे सहित अन्य डिजिटल माध्यमों से रकम अपने खातों में ट्रांसफर कराई जाती थी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 07 स्मार्ट मोबाइल फोन, 03 कीपैड मोबाइल फोन तथा 3,780 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध थाना रेउना में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेन्द्र नाथ चौधरी ने बताया कि साइबर अपराधियों के विरुद्ध ‘CY Vajra’ अभियान के तहत लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी सरकारी योजना, पुलिस अधिकारी या अन्य संस्थान के नाम पर आने वाले संदिग्ध फोन कॉल, लिंक अथवा ऑनलाइन भुगतान संबंधी संदेशों पर बिना सत्यापन विश्वास न करें। किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 या निकटतम पुलिस थाने से संपर्क करें।


