
19वें आम महोत्सव में 300 से अधिक प्रजातियों की प्रदर्शनी, 3 किलो के 'मोदी आम' और 'बुलडोजर आम' ने भी बटोरी सुर्खियां
- सौम्या पाण्डेय / अंकित बाजपेई
कानपुर नगर। राष्ट्रीय इंटर कॉलेज, किदवई नगर स्थित संस्कार मैदान में आयोजित 19वें आम महोत्सव में इस बार बॉलीवुड अभिनेता रंजीत की मौजूदगी और आम की दुर्लभ किस्मों ने लोगों का खासा ध्यान आकर्षित किया। सांसद रमेश अवस्थी की पहल और नेशनल मीडिया क्लब के अध्यक्ष सचिन अवस्थी के संयोजन में आयोजित महोत्सव में देशभर से आए बागवानों ने 300 से अधिक किस्मों के आम प्रदर्शित किए। इनमें चौसा, दशहरी, लंगड़ा, मल्लिका, अम्रपाली, सफेदा, तोतापरी समेत कई लोकप्रिय और दुर्लभ प्रजातियां आकर्षण का केंद्र रहीं।

महोत्सव में पहुंचे अभिनेता रंजीत ने विभिन्न किस्मों के आमों का स्वाद चखा और विशेष रूप से चौसा एवं लंगड़ा आम की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा, “कानपुर का चौसा और लंगड़ा आम स्वाद और खुशबू में बेहद खास है। ऐसा स्वाद मुझे बार-बार यहां आने के लिए मजबूर करेगा।” उनके इस बयान पर आयोजन स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। अभिनेता ने किसानों से आम उत्पादन और आधुनिक बागवानी तकनीकों पर भी चर्चा की तथा भारतीय किसानों की मेहनत की सराहना की।

इस बार महोत्सव में करीब तीन किलो वजनी ‘मोदी आम’ और ‘बुलडोजर आम’ सबसे अधिक चर्चा का विषय बने रहे। मलिहाबाद से आए बागवान शहदाब अली ने बताया कि ‘मोदी आम’ का वजन लगभग तीन किलो है और इसकी सबसे बड़ी विशेषता इसकी बेहद छोटी गुठली है। बड़ी संख्या में लोगों ने इन अनोखी प्रजातियों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं।
आयोजन समिति के अनुसार महोत्सव में आगंतुकों के लिए लगभग 70 कुंतल आम की व्यवस्था की गई थी। लोगों को विभिन्न किस्मों के आम चखने के साथ मैंगो शेक भी नि:शुल्क वितरित किया गया। पूरे परिसर में गीत-संगीत, सांस्कृतिक कार्यक्रम और भजन संध्या का भी आयोजन हुआ, जिससे महोत्सव का वातावरण और अधिक उत्साहपूर्ण बना रहा।


सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि आम महोत्सव का उद्देश्य केवल आम का स्वाद चखाना नहीं, बल्कि लोगों को आम की विविध प्रजातियों से परिचित कराना और किसानों को बेहतर पहचान एवं बाजार उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश विश्व के प्रमुख आम उत्पादक क्षेत्रों में शामिल है और ऐसे आयोजन भारतीय आम को वैश्विक पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
महोत्सव के दौरान कानपुर देहात के कुलदीप सचान, कल्याणपुर के मनोज गर्ग, भीतरगांव के वीरेंद्र कुमार, घाटमपुर के एच.बी. सिंह, सीतापुर के देवेंद्र वर्मा तथा लखनऊ की नदीम नर्सरी सहित विभिन्न जनपदों के उत्कृष्ट आम उत्पादकों को सम्मानित किया गया। किसानों ने आधुनिक बागवानी तकनीकों और आम उत्पादन की नई विधियों की जानकारी भी साझा की।
कार्यक्रम के दौरान सांसद रमेश अवस्थी के पुत्र सचिन अवस्थी का जन्मदिन भी मनाया गया। इस अवसर पर विधायक महेश त्रिवेदी, राहुल बच्चा सोनकर, सलिल विश्नोई, सरोज कुरील, भाजपा जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह, अनिल दीक्षित, अनूप अवस्थी, पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल, शिवाकांत शास्त्री जी महाराज सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, उद्यान विशेषज्ञ, किसान और बड़ी संख्या में आम प्रेमी उपस्थित रहे।
आम की मिठास, किसानों के सम्मान और बॉलीवुड अभिनेता रंजीत की मौजूदगी ने 19वें आम महोत्सव को कानपुर के सांस्कृतिक और कृषि गौरव का यादगार उत्सव बना दिया।


