नीट पेपर लीक, छात्रों पर लाठीचार्ज और बेरोजगारी को लेकर भाजपा सरकार पर साधा निशाना; जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के समर्थन में सपा ने उठाई आवाज
- नेहा पाठक
नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि भाजपा विदेशी लुटेरों की तरह काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार विदेशी आक्रमणकारियों ने मंदिरों को लूटा, विश्वविद्यालयों को नष्ट किया और आंदोलनकारियों को प्रताड़ित किया, उसी प्रकार भाजपा सरकार भी लोकतांत्रिक संस्थाओं और जनआंदोलनों को कमजोर करने का कार्य कर रही है।
सोमवार को संसद परिसर में मीडिया से बातचीत करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि नीट परीक्षा में भारी घोटाला हुआ है। पेपर लीक की घटनाओं के कारण कई छात्रों ने अपनी जान गंवाई, लेकिन सरकार ने उनके प्रति संवेदना के दो शब्द तक नहीं कहे और न ही श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि अपनी मांगों को लेकर जंतर-मंतर पर एकत्रित छात्र केवल सरकार से संवाद चाहते हैं, लेकिन सरकार अहंकार में उनकी बात सुनने को तैयार नहीं है। इसके बजाय छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया और उन्हें प्रताड़ित किया गया।
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में लगातार भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार के दौरान 20 से अधिक भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक हुए, लेकिन आज तक किसी बड़े दोषी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी ने इन मामलों पर एक ऑडिट रिपोर्ट भी तैयार कर प्रकाशित की है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं को सरकारी नौकरी देने से बच रही है और आउटसोर्सिंग के माध्यम से भर्ती कर भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार रोजगार और आरक्षण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी युवाओं के साथ अन्याय कर रही है।
उन्होंने कहा कि नीट अभ्यर्थियों को न्याय मिलना चाहिए और सरकार को उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए। जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई की निंदा करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसा व्यवहार अंग्रेजों ने भी नहीं किया था। उन्होंने समाजवादी पार्टी के युवा सांसदों से छात्रों के बीच जाकर उनका समर्थन करने और उन्हें यह भरोसा दिलाने को कहा कि समाजवादी पार्टी उनके संघर्ष में उनके साथ खड़ी है।
अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा “चंदा, चोरी और चढ़ावा चोरी” की राजनीति कर रही है। उन्होंने अयोध्या में श्रीराम मंदिर के चढ़ावे में हुई कथित चोरी का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा सरकार में कुछ भी सुरक्षित नहीं है।
सपा प्रमुख ने कहा कि लोकतंत्र में छात्रों, युवाओं और आम नागरिकों की आवाज सुनना सरकार का दायित्व है। यदि सरकार संवाद के बजाय दमन का रास्ता अपनाएगी, तो इससे लोकतांत्रिक मूल्यों को नुकसान पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी छात्रों, युवाओं और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए हमेशा संघर्ष करती रहेगी।


