प्रदेश अध्यक्ष विनीत कुशवाहा के नेतृत्व में प्रदेशभर के विश्वविद्यालयों-महाविद्यालयों में छात्रों ने दर्ज कराया विरोध
- शालिनी शर्मा
लखनऊ। समाजवादी छात्र सभा के प्रदेश अध्यक्ष विनीत कुशवाहा के नेतृत्व में मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय के प्रस्तावित 38 भवनों के ध्वस्तीकरण के विरोध में उत्तर प्रदेश के विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। अभियान के माध्यम से छात्र-छात्राओं ने विश्वविद्यालय को बचाने की मांग करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।
समाजवादी छात्र सभा के अनुसार हस्ताक्षर अभियान को प्रदेशभर के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं का व्यापक समर्थन मिला। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने हस्ताक्षर कर विश्वविद्यालय के प्रस्तावित ध्वस्तीकरण का विरोध किया।

अभियान में शामिल छात्र-छात्राओं का कहना था कि जौहर विश्वविद्यालय के भवनों को ध्वस्त नहीं किया जाना चाहिए। उनका तर्क था कि यदि भवनों के नक्शे से संबंधित कोई तकनीकी या प्रशासनिक समस्या है, तो सरकार के पास उसका समाधान करने का अधिकार और अवसर दोनों हैं। सरकार आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर विश्वविद्यालय को संरक्षित रख सकती है, जिससे वहां अध्ययनरत हजारों विद्यार्थियों का भविष्य सुरक्षित रह सके।
समाजवादी छात्र सभा ने कहा कि शिक्षा संस्थानों को संरक्षित करना सरकार की जिम्मेदारी है और विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़े किसी भी निर्णय में छात्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। संगठन ने स्पष्ट किया कि विश्वविद्यालय को बचाने और छात्रहित की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।


