HomeNEWSकानपुर पुलिस की कार्रवाई में लैपटॉप, फिंगरप्रिंट स्कैनर, 15 बैंक अकाउंट किट,...

कानपुर पुलिस की कार्रवाई में लैपटॉप, फिंगरप्रिंट स्कैनर, 15 बैंक अकाउंट किट, फर्जी मुहरें व दस्तावेज बरामद; डिजिटल अरेस्ट और इन्वेस्टमेंट फ्रॉड से जुड़ा बड़ा खुलासा

₹36 करोड़ के साइबर फ्रॉड नेटवर्क का पर्दाफाश, फर्जी ट्रस्ट और दस्तावेजों से ठगी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

  • प्रियंका द्विवेदी

कानपुर नगर। साइबर अपराध के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कानपुर नगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने साइबर ठगी के संगठित नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लैपटॉप, फिंगरप्रिंट स्कैनर, फर्जी मुहरें, कूटरचित लेटरपैड, लोन से संबंधित दस्तावेज, 15 बैंक अकाउंट कॉम्बो किट तथा कई मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

पुलिस जांच में सामने आया कि अभियुक्त ट्रस्ट के नाम पर बैंक खाते खुलवाकर उनमें इन्वेस्टमेंट फ्रॉड और डिजिटल अरेस्ट जैसी साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि मंगाते थे। इसके बाद यह रकम पूर्व निर्धारित विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर कर ठिकाने लगाई जाती थी।

जांच के दौरान संबंधित बैंक खाते में 12 अप्रैल 2025 से 16 मई 2025 के बीच लगभग 36 करोड़ रुपये का लेन-देन पाया गया। इनमें से करीब 7 करोड़ रुपये विभिन्न साइबर शिकायतों के आधार पर राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) के माध्यम से पहले ही लीन (होल्ड) कराए जा चुके हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपी फर्जी पार्षद मुहरें और कूटरचित लेटरपैड तैयार कर उनका इस्तेमाल विभिन्न ऋण स्वीकृत कराने के लिए करते थे। इसके अलावा आवश्यक दस्तावेज भी जालसाजी कर तैयार किए जाते थे, जिससे बैंकिंग प्रणाली का दुरुपयोग कर साइबर अपराधों को अंजाम दिया जाता था।

कानपुर नगर पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और धनराशि के नेटवर्क की भी गहन जांच कर रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments