सामाजिक न्याय और समानता के संदेश के साथ कश्यप समाज की सैकड़ों प्रतिभाशाली बेटियों को किया गया सम्मानित
- सुनील त्यागी
मेरठ। समाजवादी पार्टी की पूर्व सांसद एवं सामाजिक न्याय की बुलंद आवाज मानी जाने वाली स्वर्गीय फूलन देवी की पुण्यतिथि के अवसर पर मेरठ जनपद के दौराला (सरधना विधानसभा क्षेत्र) में विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ताओं, स्थानीय लोगों एवं समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों ने सहभागिता कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
विचार गोष्ठी के दौरान वक्ताओं ने स्वर्गीय फूलन देवी के सामाजिक संघर्ष, वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए उनके योगदान तथा सामाजिक समानता के प्रति उनके प्रयासों को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि उनका जीवन समाज में न्याय और समान अवसर की लड़ाई का प्रतीक रहा है।

कार्यक्रम के दौरान कश्यप समाज की सैकड़ों प्रतिभाशाली एवं मेधावी छात्राओं को साइकिल वितरित कर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य बेटियों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए इस प्रकार के आयोजनों को समय की आवश्यकता बताया। आयोजन का समापन स्वर्गीय फूलन देवी को श्रद्धांजलि अर्पित करने और उनके बताए मार्ग पर चलने के संकल्प के साथ हुआ।


