2 अगस्त तक त्यागराज स्टेडियम में होंगे रोमांचक मुकाबले, दिल्ली को ग्लोबल स्पोर्ट्स हब बनाने की दिशा में बड़ा कदम
- नेहा पाठक
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में 22वीं कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में भाग लेने आए 25 देशों के खिलाड़ियों, कोचों और प्रतिनिधिमंडलों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। यह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता आज से 2 अगस्त तक त्यागराज स्टेडियम में आयोजित होगी, जहां विभिन्न देशों के खिलाड़ी खिताब के लिए मुकाबला करेंगे।
इस अवसर पर खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा गया कि सभी प्रतिभागी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें, यादगार उपलब्धियां हासिल करें और दिल्ली की आत्मीयता अपने साथ लेकर जाएं। आयोजन को खेल भावना, अंतरराष्ट्रीय सहयोग और सांस्कृतिक आदान-प्रदान का महत्वपूर्ण अवसर बताया गया।

कार्यक्रम में कहा गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दिल्ली तेजी से एक ग्लोबल स्पोर्ट्स हब के रूप में विकसित हो रही है। अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के माध्यम से राजधानी में विश्वस्तरीय खेल अवसंरचना और खेल संस्कृति को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री आशीष सूद, टेबल टेनिस फेडरेशन के पदाधिकारी तथा अन्य गणमान्य अतिथि भी मौजूद रहे। आयोजकों ने दिल्लीवासियों से अपील की कि वे बड़ी संख्या में त्यागराज स्टेडियम पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें और इस अंतरराष्ट्रीय खेल महोत्सव का हिस्सा बनें।


