HomeNEWSअखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना, बोले- छात्रों, नौजवानों और...

अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना, बोले- छात्रों, नौजवानों और किसानों के लिए सबसे बड़ा संकट है भाजपा सरकार

अयोध्या चढ़ावा चोरी, पेपर लीक और छात्र आंदोलन को लेकर भाजपा सरकार पर साधा निशाना; डिम्पल यादव ने भी उठाए सवाल

  • नेहा पाठक

नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सरकार छात्रों, नौजवानों और किसानों के लिए सबसे बड़ा संकट बन गई है। उन्होंने कहा कि जो सरकार अयोध्या में प्रभु श्रीराम मंदिर में श्रद्धा से चढ़ाए गए चढ़ावे की सुरक्षा नहीं कर पाई, उससे पेपर लीक रोकने की उम्मीद नहीं की जा सकती।

अखिलेश यादव बुधवार को संसद परिसर में अयोध्या श्रीराम मंदिर में चढ़ावा चोरी के विरोध में समाजवादी पार्टी के सांसदों के साथ प्रदर्शन के बाद मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा, “जो श्रद्धा से चढ़ावा चढ़ता है उसको नहीं बचा पाए, उनसे क्या उम्मीद करोगे कि पेपर लीक नहीं होंगे। जो श्रद्धा के साथ खिलवाड़ कर सकते हैं, वो हमारे युवा नौजवानों के भविष्य के साथ भी खिलवाड़ कर सकते हैं।”

उन्होंने कहा कि भाजपा ने देश के करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के साथ खिलवाड़ किया है और यही सरकार युवाओं, छात्रों के भविष्य के साथ भी खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ही सबसे बड़ा संकट है। जब तक भाजपा सरकार नहीं जाएगी, तब तक संकट खत्म नहीं होगा।

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि छात्रों के आंदोलन के दौरान पैलेट गन, आंसू गैस के गोले और लाठीचार्ज का प्रयोग किया गया, जिसमें कई छात्र और नौजवान घायल हुए। उन्होंने कहा कि सरकार को जवाब देना होगा कि छात्रों और नौजवानों पर बल प्रयोग किसके आदेश पर किया गया।

इस दौरान समाजवादी पार्टी की मैनपुरी सांसद डिम्पल यादव ने भी भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “कहीं ना कहीं भारतीय जनता पार्टी की जो सरकार है, वह चंदा भी नहीं बचा पाए, उन्हीं के संगी-साथी लोग इसमें पूरी तरह से इन्वॉल्व हैं।”

डिम्पल यादव ने कहा कि सरकार को छात्रों, युवाओं और देश के लोगों के सवालों का जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि छात्रों के अधिकारों और भविष्य से जुड़े मुद्दों पर समाजवादी पार्टी लगातार आवाज उठाती रहेगी।

अखिलेश यादव ने आगे कहा कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों से छात्र, नौजवान, किसान और मजदूर सभी परेशान हैं। नौजवानों को रोजगार नहीं मिल रहा है और किसानों को समय पर खाद, बीज एवं अन्य कृषि संसाधन उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में किसान धान की फसल के लिए डीएपी और यूरिया खाद को लेकर परेशान हैं। सहकारी समितियों पर लंबी कतारें लग रही हैं। खाद की कालाबाजारी और मुनाफाखोरी हो रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में खाद उपलब्धता के दावे और जमीनी हकीकत में बड़ा अंतर है।

अखिलेश यादव ने कहा कि किसानों, युवाओं और आम जनता की समस्याओं का समाधान किए बिना विकास की बात अधूरी है। समाजवादी पार्टी जनता के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष करती रहेगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments