HomeNEWSवरिष्ठ नागरिकों को साइबर सुरक्षा का पाठ, कानपुर पुलिस ने चलाया जागरूकता...

वरिष्ठ नागरिकों को साइबर सुरक्षा का पाठ, कानपुर पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान

साइबर ठगी से बचाव के लिए डॉक्यूमेंट्री फिल्म दिखाई, हेल्पलाइन 1930 के उपयोग और डिजिटल सतर्कता पर दिया गया जोर

  • अंकित बाजपेई

कानपुर नगर। कानपुर पुलिस कार्यालय सभागार में पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल की अध्यक्षता में वरिष्ठ नागरिकों के लिए साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन अपर पुलिस उपायुक्त (महिला अपराध) स्नेहा तिवारी ने किया। कार्यक्रम में परिवार परामर्श एवं विवाद निवारण क्लीनिक की काउंसलर अरशी सुल्तान सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान कमिश्नरेट पुलिस द्वारा तैयार वास्तविक घटनाओं पर आधारित साइबर जागरूकता डॉक्यूमेंट्री फिल्म प्रदर्शित की गई। इसके माध्यम से ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, ओटीपी धोखाधड़ी, बैंकिंग फ्रॉड और डिजिटल अपराधों से बचाव के प्रभावी उपायों की जानकारी दी गई।

वक्ताओं ने कहा कि आधुनिक तकनीक ने जीवन को आसान बनाया है, लेकिन इसके सुरक्षित उपयोग के लिए जागरूकता और सतर्कता बेहद आवश्यक है। वरिष्ठ नागरिकों से अपील की गई कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी, बैंक विवरण, पासवर्ड या अन्य निजी जानकारी साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से पहले उसकी सत्यता अवश्य जांच लें।

कार्यक्रम में बताया गया कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई जाए, ताकि समय रहते कार्रवाई कर नुकसान को कम किया जा सके।

इस अवसर पर काउंसलर अरशी सुल्तान ने कहा कि “Knowledge is Power” यानी सही जानकारी ही सबसे बड़ी सुरक्षा है। उन्होंने कहा कि जितनी अधिक जागरूकता होगी, उतनी ही प्रभावी ढंग से साइबर अपराधियों पर नियंत्रण पाया जा सकेगा। उन्होंने सभी नागरिकों से डिजिटल माध्यमों का समझदारी और सतर्कता के साथ उपयोग करने की अपील की।

कार्यक्रम का उद्देश्य विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक बनाकर सुरक्षित डिजिटल वातावरण तैयार करना था।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments