काशी से लाई गई पवित्र रज के साथ निकली यात्रा, जनप्रतिनिधियों व भाजपा पदाधिकारियों ने आरती कर किया अभिनंदन
- पूजा परिहार
झांसी। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की पावन जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर, काशी से कलश में लाई गई पवित्र रज के साथ निकली रथ यात्रा का झांसी महानगर पहुंचने पर विभिन्न स्थानों पर श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ भव्य स्वागत किया गया। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने आरती उतारकर पवित्र रज कलश का अभिनंदन किया तथा संत रविदास महाराज के समरसता, समानता और सद्भाव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि संत रविदास महाराज ने सामाजिक समरसता, समान अधिकार और मानवता का संदेश देकर समाज को नई दिशा प्रदान की। उनके आदर्श आज भी सामाजिक एकता और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष सुधीर सिंह, बबीना विधायक राजीव सिंह, महापौर बिहारी लाल आर्य, जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम, विधान परिषद सदस्य रामतीर्थ सिंघल, विधान परिषद सदस्य रमा निरंजन सहित भाजपा के जिला एवं मंडल पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान पूरे वातावरण में भक्ति, श्रद्धा और सामाजिक समरसता का संदेश गूंजता रहा।


