HomeNEWSश्रावण मास में गंगा घाट पर दिव्य महाआरती, सेवा और स्वच्छता का...

श्रावण मास में गंगा घाट पर दिव्य महाआरती, सेवा और स्वच्छता का लिया संकल्प

नमामि गंगे पदाधिकारियों को पहनाए गए सेवा कार्ड, गंगा स्वच्छता अभियान में स्वयंसेवकों ने निभाई सक्रिय भूमिका

आशा चौधरी

गाज़ियाबाद (मुरादनगर )। पावन श्रावण मास के अवसर पर गंगा घाट पर प्रतिदिन आयोजित होने वाली माँ गंगा की दिव्य महाआरती श्रद्धा, भक्ति और सेवा भाव के साथ निरंतर संपन्न हो रही है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रतिदिन आरती में शामिल होकर माँ गंगा का पूजन-अर्चन कर पुण्य लाभ प्राप्त कर रहे हैं।

इसी क्रम में नमामि गंगे अभियान के जिला सह-प्रभारी नितिन गोयल ने संगठन के पदाधिकारियों एवं स्वयंसेवकों को सेवा कार्ड पहनाकर माँ गंगा की सेवा, गंगा स्वच्छता, अनुशासन और श्रद्धालुओं की निस्वार्थ सेवा का संकल्प दिलाया। इस दौरान सभी स्वयंसेवकों ने पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ सेवा कार्य करने की शपथ ली।

कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता संयोजक पंडित गोपाल गौतम के नेतृत्व में स्वयंसेवकों ने गंगा घाट पर विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाया। अभियान के तहत घाट परिसर की साफ-सफाई कर श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया। नमामि गंगे परिवार ने स्वच्छता अभियान में योगदान देने वाली पूरी टीम के सेवा भाव की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।

वक्ताओं ने कहा कि श्रावण मास में गंगा सेवा, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करना सभी का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से माँ गंगा की दिव्य महाआरती में शामिल होने तथा स्वच्छता एवं सेवा अभियान का हिस्सा बनने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं के सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए माँ गंगा एवं भगवान भोलेनाथ से सभी पर अपनी कृपा बनाए रखने की प्रार्थना की गई।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments