विशेषज्ञों ने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ समाज के निर्माण में भागीदारी निभाने का किया आह्वान
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) के यूटिलिटी भवन में “नशा मुक्ति केंद्र” विषय पर जागरूकता व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता रमेश कुमार, क्षेत्रीय मद्य निषेध एवं समाजोत्थान अधिकारी, लखनऊ मंडल रहे। उन्होंने अपने संबोधन में नशे के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने और समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
व्याख्यान के उपरांत छात्र-छात्राओं के साथ प्रश्नोत्तरी एवं संवाद सत्र आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने नशे से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे। विशेषज्ञों ने उनकी जिज्ञासाओं का वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक उत्तर दिया। विद्यार्थियों ने भी अपने विचार साझा करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भूमिका पर बल दिया तथा ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों का नियमित आयोजन किए जाने की आवश्यकता बताई।
कार्यक्रम का आयोजन डॉ. एकता शर्मा, प्रोफेसर, कॉलेज ऑफ कम्युनिटी साइंस द्वारा डॉ. मुकेश श्रीवास्तव, अधिष्ठाता छात्र कल्याण एवं डॉ. संघमित्रा महापात्र, सह अधिष्ठाता छात्र कल्याण के मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अंत में सभी प्रतिभागियों ने “नशा मुक्त भारत” के निर्माण हेतु स्वयं नशा न करने तथा समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए जन-जागरूकता फैलाने की सामूहिक शपथ ली।


