छात्राओं ने नशे के दुष्प्रभावों को किया प्रदर्शित, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए किया प्रेरित
हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय (सीएसए), कानपुर के सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय में “विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत नशा मुक्ति एवं जन-जागरूकता को लेकर नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम अधिष्ठाता, छात्र कल्याण डॉ. मुकेश श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। कार्यक्रम का आयोजन डॉ. विनिता सिंह ने कराया, जबकि डॉ. जया वर्मा एवं डॉ. ऐश्वर्या सिंह ने समन्वय किया।
छात्राओं ने प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे की लत से होने वाले स्वास्थ्य, शिक्षा, पारिवारिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों को प्रस्तुत किया। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा नशा-मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि अधिष्ठाता, सामुदायिक विज्ञान डॉ. सीमा सोनकर ने छात्राओं के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि नशा मुक्ति का संदेश अधिक से अधिक युवाओं तक पहुंचाना आवश्यक है, ताकि युवा अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाकर देश के विकास में योगदान दे सकें।
इस अवसर पर डॉ. मुक्ता गर्ग ने भी छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। आयोजन के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ एवं नशा-मुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।


