सात राउंड में हुई ज्ञानवर्धक प्रतियोगिता, विजेता एवं उपविजेता टीमों को किया गया सम्मानित
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। भारतीय बाल रोग अकादमी द्वारा 20वें पीजी क्विज कार्यक्रम का शानदार आयोजन बाल रोग विभाग सभागार, हैलेट कानपुर में किया गया। प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में चार मेडिकल कॉलेजों के रेजिडेंट डॉक्टरों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इसमें रामा मेडिकल कॉलेज, कन्नौज मेडिकल कॉलेज, जालौन मेडिकल कॉलेज एवं जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज, कानपुर के प्रतिभागी शामिल रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं विभागाध्यक्ष व सचिव डॉ. शैलेन्द्र गौतम तथा डॉ. ए.के. आर्या द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों की शुरुआत हुई। क्विज को ज्ञानवर्धक एवं रोचक बनाने के लिए कुल सात राउंड आयोजित किए गए।
प्रतियोगिता में नवजात शिशु देखभाल, सामान्य प्रश्नोत्तर, विजुअल राउंड तथा रैपिड फायर राउंड सहित विभिन्न विषयों को शामिल किया गया। अलग-अलग राउंड में प्रतिभागी रेजिडेंट डॉक्टरों ने अपनी चिकित्सकीय जानकारी, त्वरित निर्णय क्षमता और विषय पर पकड़ का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का संचालन क्विज मास्टर डॉ. अली शान एवं स्कोरर डॉ. नेहा ने प्रभावशाली एवं व्यवस्थित तरीके से किया। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।
इस अवसर पर विभागाध्यक्ष एवं सचिव डॉ. शैलेन्द्र गौतम, डॉ. ए.के. आर्या, डॉ. प्रशांत प्रियदर्शिनी एवं डॉ. राहुल सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए इस प्रकार की शैक्षणिक प्रतियोगिताओं को चिकित्सा शिक्षा के लिए महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम के समापन पर डॉ. ए.के. आर्या एवं डॉ. शैलेन्द्र गौतम ने सभी प्रतिभागी टीमों को प्रमाणपत्र प्रदान किए। वहीं विजेता एवं उपविजेता टीमों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
डॉ. ए.के. आर्या ने विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं पोस्टग्रेजुएट डॉक्टरों के व्यवहारिक एवं चिकित्सकीय ज्ञान को परखने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं भविष्य में बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए डॉक्टरों को तैयार करने में मील का पत्थर साबित होती हैं।


