
आरोहम हैप्पीनेस सेंटर में पौधरोपण के साथ अभियान की शुरुआत, हैप्पीनेस टॉक में प्रकृति, मानसिक स्वास्थ्य और वरिष्ठजनों के साथ समय बिताने पर दिया जोर
- सौम्या पाण्डेय
कानपुर नगर। स्वस्थ, खुशहाल और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार समाज के निर्माण के संकल्प के साथ ‘मुस्कुराए कानपुर’ की ओर से ‘गो ग्रीन कानपुर’ कैंपेन का शुभारंभ किया गया। आरोहम हैप्पीनेस सेंटर में वरिष्ठ आयुर्वेदाचार्य एवं कानपुर हेल्थ कमेटी की संरक्षिका डॉ. वंदना पाठक, हैप्पीनेस होम के संस्थापक डॉ. उमेश पालीवाल और मुस्कुराए कानपुर के संस्थापक डॉ. सिधांशु राय ने संयुक्त रूप से पौधरोपण कर अभियान की शुरुआत की।
इस अवसर पर आयोजित हैप्पीनेस टॉक में डॉ. वंदना पाठक ने कहा कि पेड़ हमारी आयुर्वेदिक औषधियों की मूल आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि आज के समय में हैप्पीनेस यानी खुशहाली समाज की सबसे बड़ी जरूरतों में से एक है। लोगों को अपने घर में रह रहे वरिष्ठजनों के लिए समय निकालकर उनसे बातचीत करनी चाहिए। उनके साथ बिताया गया समय ही उनके लिए वास्तविक खुशी का माध्यम बन सकता है।
डॉ. उमेश पालीवाल ने कहा कि हैप्पीनेस सेंटर का उद्देश्य लोगों को प्रकृति से जोड़कर खुशहाल और जिम्मेदार नागरिक बनाना है। उन्होंने कहा कि आज किया गया वृक्षारोपण इसी उद्देश्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
मुस्कुराए कानपुर के संस्थापक डॉ. सिधांशु राय ने कहा कि दूसरों को खुशी देना भी एक कला है और जब हम दूसरों को खुश करते हैं तो उसका सकारात्मक प्रभाव स्वयं पर भी पड़ता है। उन्होंने कहा कि समाज का 90 प्रतिशत व्यक्ति बहुत अच्छा है, जरूरत सिर्फ अपनापन देने की है। उन्होंने बताया कि पर्यटन की दृष्टि से आरोहम को विकसित करने की दिशा में भी प्रयास किए जाएंगे।
मुकेश पालीवाल ने कहा कि हैप्पीनेस सेंटर कानपुर में मानसिक स्वास्थ्य, सकारात्मकता और सामुदायिक खुशहाली के लिए काम करने वाला एक अनूठा मंच है। इसका उद्देश्य लोगों को सकारात्मक जीवनशैली और प्रकृति से जोड़ना है।
कार्यक्रम के दौरान मुस्कुराए कानपुर की टीम ने प्रख्यात वास्तुशास्त्री विमल झाझरिया द्वारा बेंगलुरु और हरिद्वार की तर्ज पर विकसित किए जा रहे दिव्यांबर वैलनेस सेंटर का हैप्पीनेस विजिट किया। इस दौरान टीम ने कहा कि मुस्कुराए कानपुर दिव्यांबर वैलनेस सेंटर का सामाजिक सहयोगी रहेगा।
रिटायर्ड आईपीएस अधिकारी रतन श्रीवास्तव और अमित अग्रवाल ने कहा कि ‘गो ग्रीन कानपुर’ मुस्कुराए कानपुर की प्रमुख पहलों में से एक है। राजेश ग्रोवर ने कहा कि अभियान का उद्देश्य हरित पर्यावरण और खुशहाल जीवन का संदेश घर-घर तक पहुंचाना है। नजम हमराज ने दिव्यांबर वैलनेस सेंटर को शहर के लिए एक सौगात बताया।
कार्यक्रम में अमित अग्रवाल, डॉ. हेमंत मोहन, अनूप द्विवेदी, डॉ. ओम प्रकाश आनंद, डॉ. जीएल श्रीवास्तव, अखिल त्यागी, दिनेश वाष्र्णेय, मीना मेहरोत्रा, अरविंद शुक्ला, आरिफ मार्टिन, शाहिद कामरान सहित अन्य लोगों ने ‘एक पेड़ मां के नाम, एक पेड़ परिवार के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया।
“हैप्पीनेस आज समय की सबसे बड़ी जरूरत है।”
— डॉ. वंदना पाठक, संरक्षिका, कानपुर हेल्थ कमेटी
“समाज का हर व्यक्ति अच्छा है, सिर्फ एक बार अपनेपन से मिलकर तो देखो।”
— डॉ. सिधांशु राय, संस्थापक, मुस्कुराए कानपुर


