
100 लाभार्थियों को ₹21 लाख की लागत के 308 सहायक उपकरण वितरित, जांच से लेकर मरम्मत और परामर्श तक की सुविधा मिलेगी
- रोशनी सिंह
मीरजापुर। जिला महिला चिकित्सालय, मीरजापुर में नवनिर्मित ‘प्रधानमंत्री दिव्याशा केंद्र’ का लोकार्पण किया गया। केंद्र के शुरू होने से जनपद के दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को स्थानीय स्तर पर कई महत्वपूर्ण सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
नवनिर्मित केंद्र के माध्यम से जरूरतमंदों की त्वरित जांच कर उन्हें आवश्यक सहायक उपकरण निःशुल्क उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा सहायक उपकरणों के पंजीकरण, मरम्मत और परामर्श की सुविधा भी स्थानीय स्तर पर निरंतर मिल सकेगी। इससे दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को इन सेवाओं के लिए दूर जाने की आवश्यकता कम होगी।

लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान 100 लाभार्थियों को लगभग ₹21 लाख की लागत के 308 सहायक उपकरण भी वितरित किए गए। उपकरण प्राप्त करने वाले लाभार्थियों ने सरकार की इस पहल को उपयोगी बताते हुए प्रसन्नता व्यक्त की।
कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री एवं रसायन एवं उर्वरक राज्य मंत्री तथा अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और मीरजापुर सांसद अनुप्रिया पटेल ने कहा कि सरकार का उद्देश्य ऐसा समावेशी समाज बनाना है, जहां किसी व्यक्ति की बढ़ती उम्र या शारीरिक अक्षमता उसके सम्मानजनक एवं गरिमापूर्ण दैनिक जीवन में बाधा न बने।
‘प्रधानमंत्री दिव्याशा केंद्र’ के माध्यम से दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को आवश्यक सहायक उपकरण और संबंधित सेवाएं उनके अपने जनपद में उपलब्ध होने से उन्हें आत्मनिर्भर और सुविधाजनक जीवन जीने में मदद मिलेगी।


