HomeNEWSपीआरडी जवानों के ड्यूटी भत्ते में बढ़ोतरी, अब ₹600 प्रतिदिन मिलेगा

पीआरडी जवानों के ड्यूटी भत्ते में बढ़ोतरी, अब ₹600 प्रतिदिन मिलेगा

विधायक नीलिमा कटियार ने विकास भवन में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का देखा वर्चुअल लाइव प्रसारण, जवानों और परिवारों को ₹5 लाख तक कैशलेस इलाज की सुविधा

  • प्रियंका द्विवेदी

कानपुर नगर। विकास भवन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ के सरोजनीनगर में प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) जवानों के लिए नवनिर्मित बैरक के लोकार्पण कार्यक्रम का वर्चुअल लाइव प्रसारण देखा गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पीआरडी जवानों के हित में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीआरडी जवानों का ड्यूटी भत्ता बढ़ाकर ₹600 प्रतिदिन करने की घोषणा की। इसके साथ ही जवानों और उनके परिवारों को प्रतिवर्ष ₹5 लाख तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का भी ऐलान किया गया।

विधायक नीलिमा कटियार ने कहा कि मुख्यमंत्री की यह पहल पीआरडी जवानों की सेवाओं को सम्मान और मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि पीआरडी जवान विपरीत परिस्थितियों में पुलिस और प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं।

लगातार बढ़ाया गया पीआरडी जवानों का भत्ता

नीलिमा कटियार ने बताया कि प्रांतीय रक्षक दल वर्ष 1948 से प्रदेश में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, सरकारी प्रतिष्ठानों की सुरक्षा और विभिन्न महत्वपूर्ण आयोजनों में अपनी जिम्मेदारी निभा रहा है।

उन्होंने कहा कि योगी सरकार के कार्यकाल में पीआरडी जवानों के ड्यूटी भत्ते में लगातार वृद्धि की गई है। लंबे समय तक जवानों को ₹250 प्रतिदिन का भत्ता मिलता था। वर्ष 2019 में इसे बढ़ाकर ₹375, वर्ष 2022 में ₹395 और वर्ष 2025 में ₹500 प्रतिदिन किया गया। अब मुख्यमंत्री की नई घोषणा के बाद ड्यूटी भत्ता बढ़कर ₹600 प्रतिदिन हो जाएगा।

परिवारों को भी मिलेगा कैशलेस इलाज

मुख्यमंत्री द्वारा घोषित ₹5 लाख तक की वार्षिक कैशलेस चिकित्सा सुविधा से पीआरडी जवानों के परिवारों को भी लाभ मिलेगा। इससे गंभीर बीमारी या महंगे उपचार की स्थिति में परिवारों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।

विधायक नीलिमा कटियार ने कहा कि पीआरडी जवानों के योगदान और उनके परिवारों के हित में लिए गए ये निर्णय निश्चित रूप से उनका मनोबल बढ़ाने के साथ प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पीआरडी जवानों के हित में किए गए निर्णयों के लिए आभार व्यक्त किया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments