HomeBundelkhandअनियमितताओं पर स्वास्थ्य विभाग की सख्त कार्रवाई, न्यू टाटा मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल का...

अनियमितताओं पर स्वास्थ्य विभाग की सख्त कार्रवाई, न्यू टाटा मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल का पंजीकरण निरस्त

निरीक्षण में निर्धारित पते से दूसरे स्थान पर संचालन, बायोमेडिकल वेस्ट निस्तारण और बिना वैध पंजीकरण मेडिकल स्टोर संचालित मिलने पर कार्रवाई

  • नरेश राठौर

झांसी। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं वैधानिक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार निरीक्षण एवं निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में जिलाधिकारी झांसी के निर्देश एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिशिर पुरी के निर्देशन में उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं नोडल अधिकारी (पंजीकरण) डॉ. आशीष अग्निहोत्री ने न्यू टाटा मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा सेंटर का निरीक्षण किया।

निरीक्षण एवं अभिलेखों की जांच के दौरान अस्पताल में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अस्पताल अपने निर्धारित एवं पंजीकृत पते के स्थान पर किसी अन्य स्थल से संचालित पाया गया।

जांच के दौरान अस्पताल में बायोमेडिकल वेस्ट के सुरक्षित निस्तारण की उचित व्यवस्था नहीं मिली। इसके अलावा अस्पताल परिसर में बिना वैध पंजीकरण के मेडिकल स्टोर संचालित किया जा रहा था।

इन अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग द्वारा न्यू टाटा मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा सेंटर का पंजीकरण निरस्त कर दिया गया।

स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया कि जनसामान्य को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। किसी भी स्वास्थ्य संस्था द्वारा नियमों एवं निर्धारित मानकों का उल्लंघन किए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

विभाग ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्ता, सुरक्षा और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण एवं निगरानी की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments