HomeNEWSरक्षाबंधन पर छात्राओं ने पुलिस भाइयों को बांधी राखी

रक्षाबंधन पर छात्राओं ने पुलिस भाइयों को बांधी राखी

एसजीएम इंटरनेशनल स्कूल की छात्र संसद की बहनों ने कल्याणपुर थाने पहुंचकर मनाया रक्षाबंधन, पुलिसकर्मियों ने लिया सुरक्षा का संकल्प

  • हरिओम गुप्ता

कानपुर नगर। रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर एस.जी.एम. इंटरनेशनल स्कूल, इंदिरा नगर, कल्याणपुर की छात्र संसद की बहनें देश और समाज की सुरक्षा में जुटे पुलिस भाइयों को राखी बांधने के लिए कल्याणपुर थाने पहुंचीं। छात्राओं ने थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों की कलाई पर राखी बांधकर रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया।

विद्यालय संसद की छात्राओं ने पुलिस भाइयों से अपनी एवं समाज की अराजक तत्वों से रक्षा का आश्वासन मांगा। उन्होंने कहा कि जब तक समाज में साहसी, निर्भीक और कर्मठ पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे, तब तक उनकी और समाज की सुरक्षा सुनिश्चित होती रहेगी।

थाना प्रभारी ने छात्राओं को बताया सफलता का मंत्र

इस अवसर पर कल्याणपुर थाना प्रभारी केशव कुमार तिवारी ने कहा कि छात्राओं द्वारा राखी बांधना उनके लिए भावुक क्षण है। समाज की रक्षा के लिए पुलिस सदैव तत्पर है और छात्राओं के प्रेम एवं सम्मान से उन्हें और अधिक प्रेरणा मिली है।

थाना प्रभारी ने छात्राओं से अपने छात्र जीवन के अनुभव साझा करते हुए कठोर परिश्रम करने और शॉर्टकट से बचने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता हासिल करने के लिए मेहनत का कोई विकल्प नहीं है।

उन्होंने छात्राओं को मोबाइल के अनावश्यक इस्तेमाल से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। साथ ही महिला हेल्पलाइन नंबर 1091 और आपातकालीन सेवा 112 के संबंध में भी जानकारी दी।

पुलिस भाइयों ने लिया बेटियों की सुरक्षा का संकल्प

राखी बंधवाने के बाद कल्याणपुर थाने के पुलिसकर्मियों ने बेटियों और बहनों की सुरक्षा का संकल्प लिया। रक्षाबंधन के इस आयोजन से थाना परिसर में भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और सुरक्षा का आत्मीय वातावरण देखने को मिला।

इस मौके पर विद्यालय के प्रबंधक अजित अग्रवाल, प्रधानाचार्य संदीप कुमार पाठक, उप-प्रधानाचार्या उमा निगम, अंकिता धीर तथा बैकुण्ठ प्रसाद गुप्त सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments