
भाजपा सरकार नहीं दुकान है, सरकारी संपत्तियां निजी हाथों में बेची जा रहीं: अखिलेश यादव
- अखिलेश कुमार अग्रहरि
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि जेपीएनआईसी को निजी हाथों में बेच दिया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार नहीं बल्कि दुकान है, जो सरकारी संपत्तियों को बेचने का काम कर रही है।
गुरुवार को समाजवादी पार्टी राज्य मुख्यालय, लखनऊ में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने लोकनायक जय प्रकाश नारायण को बेच दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी सरकार में बनाए गए जय प्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर (जेपीएनआईसी) को घोटाला करके बेचा गया है। उनके मुताबिक, इस पूरे मामले में कई सौ करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है।
अखिलेश यादव ने कहा कि समय आने पर जेपीएनआईसी की बिक्री से जुड़े पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी और जिन अधिकारियों ने इसमें कथित घोटाला किया है, उनकी भी जांच होगी।
उन्होंने कहा कि जेपीएनआईसी का निर्माण समाजवादी सरकार के दौरान लोकनायक जय प्रकाश नारायण के नाम पर कराया गया था। करीब 18 से 20 एकड़ क्षेत्र में बने इस परिसर में ऑडिटोरियम, कन्वेंशन सेंटर, स्विमिंग पूल, बैडमिंटन, टेनिस और स्क्वैश कोर्ट, जिम, रेस्टोरेंट, हेलीपैड तथा पार्किंग जैसी सुविधाएं थीं।
“831 करोड़ में बेचा जेपीएनआईसी”
अखिलेश यादव ने दावा किया कि मौजूदा बाजार भाव के हिसाब से जेपीएनआईसी और उसके पूरे क्षेत्र की कीमत 6 हजार करोड़ रुपये से अधिक हो सकती है। उन्होंने कहा कि सरकार ने जेपीएनआईसी को 831 करोड़ रुपये में बेचा है। उनका दावा है कि केवल पार्किंग से ही करीब 30 वर्षों में 867 करोड़ रुपये की आय हो सकती थी।
उन्होंने शाने-अवध को 428 करोड़ रुपये में बेचने का भी आरोप लगाया। साथ ही किसान बाजार और अन्य सरकारी संपत्तियों को निजी हाथों में दिए जाने पर सवाल उठाए।
भाजपा पर समाजवादी विरासत को खत्म करने का आरोप
सपा प्रमुख ने कहा कि जय प्रकाश नारायण ने संपूर्ण क्रांति का आह्वान कर युवाओं को जागरूक किया था और देश की राजनीति में बड़ा बदलाव लाया था। उनके नाम पर बनाए गए जेपीएनआईसी को जनता की सुविधा के लिए विकसित किया गया था।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने जेपीएनआईसी में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए, लेकिन यदि भ्रष्टाचार था तो सरकार ने दस वर्षों में इसकी जांच क्यों नहीं पूरी की। अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार ने जेपीएनआईसी का अधूरा काम पूरा करने के बजाय उसे निजी हाथों में सौंप दिया।
एक्सप्रेस-वे और कानून व्यवस्था पर भी साधा निशाना
अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर प्रदेश में भ्रष्टाचार और लूट का आरोप लगाते हुए लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे, गंगा एक्सप्रेस-वे और बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे की स्थिति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे को समाजवादी सरकार की बेहतर परियोजना बताया।
उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर भी सरकार को घेरते हुए कहा कि हत्या और लूट की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं तथा गरीबों के साथ अन्याय और अत्याचार हो रहा है। इस दौरान उन्होंने नेपाल में आई बाढ़ में हुई जनहानि पर भी दुख व्यक्त किया और सरकारों से आपदा के लिए पहले से तैयार रहने की अपील की।


