
सपा मुख्यालय में बहनों ने मनाया रक्षाबंधन, अखिलेश बोले—माता-बहनों की सुरक्षा और सम्मान हमारी प्राथमिकता
- अखिलेश कुमार अग्रहरि
लखनऊ। रक्षाबंधन पर्व के पूर्व दिवस पर समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय, लखनऊ में सैकड़ों महिलाएं पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के हाथों में राखी बांधने पहुंचीं। अखिलेश यादव ने सभी महिलाओं का सम्मान करते हुए उन्हें रक्षाबंधन पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर अखिलेश यादव ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और सुरक्षा के संकल्प का पर्व है। उन्होंने कहा कि भारत की यह परंपरा भाई-बहन के रिश्ते की आत्मीयता को दर्शाती है। समाजवादी पार्टी का संकल्प है कि भविष्य में माता-बहनों की सुरक्षा और सम्मान में किसी तरह की चूक नहीं होगी।

महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये देने का दावा
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर महिलाओं की खुशहाली के लिए स्त्री सम्मान समृद्धि योजना के अंतर्गत सालाना 40 हजार रुपये दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान का पूरा ध्यान रखा जाएगा तथा आधी आबादी को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
भाजपा पर महिलाओं को धोखा देने का आरोप
सपा प्रमुख ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा महिलाओं के प्रति ईमानदार नहीं है। उनके अनुसार सत्ता में आने के बाद भाजपा लगातार महिलाओं को धोखा देती रही है और अब नारी वंदन का ढोंग कर रही है।

मुस्लिम महिलाओं समेत बड़ी संख्या में महिलाओं ने बांधी राखी
सपा मुख्यालय में बड़ी संख्या में मुस्लिम महिलाएं भी अखिलेश यादव को रक्षाबंधन की बधाई देने पहुंचीं। इस दौरान पूर्व सांसद कनकलता सिंह, पूर्व एमएलसी कांति सिंह, स्वर्गीय जनेश्वर मिश्र की पुत्री मीना तिवारी, महिला समाजवादी पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सीमा राजभर, महिला सभा की प्रदेश अध्यक्ष रूक्मिणी देवी, किन्नर सभा की प्रदेश अध्यक्ष पायल सिंह तथा अंजली मसीह सहित अन्य महिलाओं ने पर्व की खुशियां साझा कीं।
महिलाओं ने अखिलेश यादव को मिठाई खिलाकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। पार्टी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भाई-बहन के स्नेह, सम्मान और सामाजिक सौहार्द का माहौल देखने को मिला।


