CM ग्रिड की खुदाई से टूटी सड़कों और बदहाल व्यवस्था पर जताया आक्रोश, इंजीनियर को सौंपा ज्ञापन
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। किदवई नगर की मार्बल मार्केट में CM ग्रिड परियोजना के चलते जगह-जगह हुई खुदाई, बड़े-बड़े गड्ढों, टूटी सड़कों और रात में खराब स्ट्रीट लाइट की समस्या को लेकर व्यापारियों ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने दुकान के सामने खोदे गए बड़े गड्ढे में उतरकर करीब दो घंटे तक धरना दिया और “CM ग्रिड की सड़कें जल्द ठीक करो” तथा “मार्बल मार्केट का व्यापार बचाना है-बचाना है” जैसे नारे लगाए।
प्रदर्शन किदवई नगर उद्योग व्यापार मंडल के तत्वावधान में मुख्य संरक्षक ज्ञानेश मिश्र, अध्यक्ष अशोक शुक्ला, भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के जिलाध्यक्ष विजय गुप्ता गोरे एवं किदवई नगर उद्योग व्यापार मंडल के युवा अध्यक्ष विनायक पोद्दार के नेतृत्व में किया गया। प्रदर्शन के बाद व्यापारियों ने CM ग्रिड के इंजीनियर को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
व्यापारियों का कहना है कि सड़क निर्माण के लिए लंबे समय से जगह-जगह खुदाई किए जाने के कारण आवागमन प्रभावित है। वहीं कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइट नहीं जलने से रात के समय दोपहिया वाहन चालक गड्ढों में गिरकर चोटिल हो रहे हैं। व्यापारियों के अनुसार खराब सड़कों और निर्माण कार्य के कारण ग्राहक भी मार्बल मार्केट पहुंचने से बच रहे हैं।
100 करोड़ से अधिक का कारोबार प्रभावित
भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रदेश अध्यक्ष एवं किदवई नगर उद्योग व्यापार मंडल के मुख्य संरक्षक ज्ञानेश मिश्र ने कहा कि किदवई नगर की मार्बल मार्केट उत्तर प्रदेश की प्रमुख और बड़ी मार्बल मार्केट है। यहां मार्बल और टाइल्स का व्यापक कारोबार होता है, लेकिन पिछले करीब दो वर्षों से CM ग्रिड सड़क निर्माण के दौरान हुई खुदाई और बदहाल सड़कों के कारण व्यापार प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने कहा कि ग्राहक और कारोबारी यहां आने से बच रहे हैं, जिससे व्यापार के साथ सरकार के राजस्व पर भी असर पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि सड़क निर्माण का कार्य जल्द पूरा कराया जाए। सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा और नगर निगम कार्यालय पर प्रदर्शन किया जाएगा।
एक महीने में काम पूरा करने की मांग
किदवई नगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष एवं मार्बल कारोबारी अशोक शुक्ला ने कहा कि मार्बल मार्केट से 100 करोड़ रुपये से अधिक का वार्षिक कारोबार होता है, लेकिन पिछले दो वर्षों से निर्माण कार्य के कारण कारोबार बुरी तरह प्रभावित है।
उन्होंने चेतावनी दी कि अगले एक महीने में सड़क निर्माण का संपूर्ण कार्य पूरा नहीं हुआ तो व्यापारी आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि दीपावली से पहले सड़क की स्थिति नहीं सुधरी तो व्यापारियों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर मार्बल मार्केट बंद कर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
कई CM ग्रिड सड़कों की समस्याएं उठाने का फैसला
भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिलाध्यक्ष विजय गुप्ता गोरे ने कहा कि केवल मार्बल मार्केट ही नहीं, बल्कि यशोदानगर से हमीरपुर रोड, ग्रीन पार्क से घंटाघर मार्ग और साकेत नगर सहित शहर की अन्य CM ग्रिड सड़कों पर भी निर्माण कार्य से जुड़ी समस्याएं हैं।
उन्होंने कहा कि इन सभी समस्याओं को लेकर जल्द ही नगर आयुक्त कार्यालय पर प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा जाएगा। व्यापारियों ने मांग की कि दीपावली से पहले शहर की सभी प्रमुख बदहाल CM ग्रिड सड़कों को दुरुस्त कराया जाए, ताकि व्यापारियों और आम जनता को राहत मिल सके।


