फरियादियों की समस्याएं सुनीं, समयबद्ध कार्रवाई और सम्मानजनक व्यवहार पर दिया जोर
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेन्द्र नाथ चौधरी ने अपने कार्यालय में जन-सुनवाई कर दूर-दराज से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जन-सुनवाई के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक जनसमस्या को प्राथमिकता के आधार पर दर्ज करते हुए संबंधित थाना एवं अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा जाए। शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं करने के निर्देश दिए गए।
डीसीपी दक्षिण ने कहा कि प्रत्येक शिकायतकर्ता को उसकी शिकायत पर की गई कार्रवाई की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए, ताकि पुलिस की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बनी रहे और लोगों का पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत हो।

फरियादियों से सम्मानजनक व्यवहार पर जोर
जन-सुनवाई के दौरान पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए गए कि कार्यालय आने वाले प्रत्येक फरियादी के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। आगंतुकों के बैठने की उचित व्यवस्था करने और उनकी समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुनने पर विशेष जोर दिया गया।
साथ ही स्थानीय स्तर पर बार-बार सामने आने वाली समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
जन-सुनवाई में बड़ी संख्या में फरियादी मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य जनता और पुलिस के बीच सीधा संवाद स्थापित करना तथा नागरिकों की समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।


