
सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने दी बधाई, उज्ज्वल भविष्य की कामना; मुलायम सिंह यादव पर शोध करने वाले आलोक सौरभ पाण्डेय को मिली पीएचडी
- अखिलेश कुमार अग्रहरि
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से पीएचडी उपाधि प्राप्त दो मेधावी छात्रों ने मुलाकात कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान अखिलेश यादव ने दोनों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समाजवादी बाबा साहब अंबेडकर वाहिनी के प्रदेश महासचिव जयवीर सिंह पासी ने बाबा साहब भीमराव अंबेडकर केंद्रीय विश्वविद्यालय, लखनऊ के शिक्षा शास्त्र विभाग से शोध कार्य किया है। पीएचडी उपाधि प्राप्त करने के बाद उन्होंने अखिलेश यादव से मुलाकात की।
वहीं आलोक सौरभ पाण्डेय ने काशी विद्यापीठ, वाराणसी से समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव पर शोध प्रबंध तैयार किया। उन्होंने अपना शोध प्रबंध अखिलेश यादव को समर्पित किया है। शोध कार्य के लिए आलोक सौरभ पाण्डेय को पीएचडी की उपाधि प्रदान की गई है।
मुलाकात के दौरान अखिलेश यादव ने दोनों शोधार्थियों के शैक्षणिक प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं और भविष्य में शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में आगे बढ़ने की कामना की।


