HomeNEWSबाढ़ प्रभावित क्षेत्र का डीएम ने किया निरीक्षण, अधिकारियों को सतर्क रहने...

बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का डीएम ने किया निरीक्षण, अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश

भगवानदीन का पुरवा में करीब 35 परिवार प्रभावित, जरूरत पड़ने पर बाढ़ चौकी में शिफ्ट करने के निर्देश; बनियापुरवा और भोपालपुरवा में बढ़े जलस्तर पर प्रशासन की नजर

  • हरिओम गुप्ता

कानपुर नगर। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने गुरुवार को बनियापुरवा गांव के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जलस्तर की स्थिति, राहत एवं बचाव की तैयारियों का जायजा लेते हुए मौके पर तैनात अधिकारियों को पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि भगवानदीन का पुरवा में करीब 35 परिवार बाढ़ से प्रभावित हैं। इसके अलावा बनियापुरवा और भोपालपुरवा के आसपास के इलाकों में भी जलस्तर बढ़ा हुआ है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए और आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जाए।

जिलाधिकारी ने बताया कि पीछे से आने वाले पानी के डिस्चार्ज और उसके ट्रेंड में कमी आई है। इसका असर शुक्रवार शाम तक दिखाई पड़ने की संभावना है, जिससे जलस्तर में कमी आने की उम्मीद है। हालांकि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए प्रशासन को किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है। तहसील स्तर के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर तैनात हैं तथा प्रभावित लोगों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

जिलाधिकारी ने तहसीलदार सदर को निर्देशित किया कि क्षेत्र में जलस्तर और बाढ़ की स्थिति की निरंतर निगरानी की जाए। यदि हालात बिगड़ते हैं तो प्रभावित परिवारों को बिना किसी देरी के सुरक्षित रूप से बाढ़ चौकी में शिफ्ट कराया जाए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि लोगों की सुरक्षा शासन-प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई करते हुए प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जाए। उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहने और जलस्तर में होने वाले बदलावों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments