
कुंवरपुर बंजरिया विद्यालय में बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दिया शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वच्छता का संदेश
- अमित कुमार
बरेली। विकासखंड बिथरी चैनपुर के यूपीएस कुंवरपुर बंजरिया में मीना जन्मोत्सव समारोह हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के प्रधानाध्यापक डॉ. विनय कुमार के निर्देशन में किया गया। समारोह में खंड शिक्षा अधिकारी बिथरी चैनपुर शशांक शुक्ला मुख्य अतिथि, पैड वुमन राखी गंगवार अति विशिष्ट अतिथि तथा रुचि सैनी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।
कार्यक्रम की शुरुआत मीना के जन्मदिन के अवसर पर केक काटकर की गई। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक एवं जागरूकता कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों ने गीत, नृत्य, भाषण सहित विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से मीना के जीवन तथा बालिकाओं की शिक्षा, आत्मविश्वास और अधिकारों से जुड़े संदेश प्रस्तुत किए।
समारोह के दौरान विद्यालय की शैक्षिक एवं रचनात्मक गतिविधियों को भी प्रदर्शित किया गया। विद्यालय परिसर में बनाए गए पांच अलग-अलग प्रकार के गार्डन, सेनेटरी पैड बैंक, एमएचएम कॉर्नर, पुस्तकालय एवं साइंस लैब विद्यार्थियों के आकर्षण का केंद्र रहे। इन नवाचारों के माध्यम से विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ स्वास्थ्य, स्वच्छता, विज्ञान, पर्यावरण और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
मुख्य अतिथि शशांक शुक्ला ने विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों और बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम बच्चों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और रचनात्मकता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
अति विशिष्ट अतिथि राखी गंगवार ने बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और आत्मनिर्भरता पर जोर देते हुए जागरूकता का संदेश दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया।
समारोह में शेर सिंह, विनोद कुमार, डॉ. नरेंद्र कुमार गंगवार, डॉ. मधुरेश दीक्षित, डॉ. पूजा शर्मा, मोनिका गुप्ता, अन्नपूर्णा कुशवाहा, सुधा रस्तोगी, सुनीता मनोचा, कादंबरी एवं दीपमाला सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
मीना जन्मोत्सव को लेकर पूरे विद्यालय में उत्साह का माहौल रहा। बच्चों ने कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। समारोह के माध्यम से विद्यार्थियों को शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, समानता और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।


