HomeNEWS1070 पर एक कॉल, 25 मिनट में पांडु नदी के पानी में...

1070 पर एक कॉल, 25 मिनट में पांडु नदी के पानी में घिरे परिवार तक पहुंची मदद

घर में फंसे बुजुर्ग माता-पिता और गर्भवती महिला को एनडीआरएफ ने सुरक्षित निकाला, प्रशासन व्हाट्सऐप के जरिए लगातार संपर्क में रहा

  • हरिओम गुप्ता

कानपुर नगर। पांडु नदी का पानी आबादी तक पहुंचने के बाद बनपुरवा मजरा ग्राम पिपौरी में एक परिवार घर के भीतर फंस गया। परिवार में बुजुर्ग माता-पिता के साथ एक गर्भवती महिला भी थीं, जिन्हें चिकित्सकीय परामर्श के लिए बाहर जाना था। ऐसे में परिवार ने राज्य स्तरीय राहत हेल्पलाइन 1070 पर मदद की गुहार लगाई। सूचना मिलते ही प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया और करीब 25 मिनट के भीतर एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई।

बनपुरवा मजरा ग्राम पिपौरी निवासी कौशल गौतम ने रविवार दोपहर राहत हेल्पलाइन 1070 पर फोन कर बताया कि पांडु नदी का पानी आबादी में आने के कारण उनका परिवार घर में फंस गया है। उनकी गर्भवती पत्नी सुमन गुप्ता को चिकित्सकीय परामर्श के लिए बाहर ले जाना जरूरी था, लेकिन चारों ओर पानी होने के कारण परिवार के लिए स्वयं सुरक्षित बाहर निकलना संभव नहीं था।

सूचना मिलते ही तहसीलदार सदर विनय कुमार द्विवेदी ने तत्काल राहत एवं बचाव की कार्रवाई शुरू कराई। प्रशासन ने एनडीआरएफ से समन्वय कर रेस्क्यू टीम को मौके के लिए रवाना किया। इस दौरान प्रशासन की ओर से कौशल गौतम से व्हाट्सऐप के माध्यम से लगातार संपर्क बनाए रखा गया और उन्हें जल्द मदद पहुंचने का भरोसा दिलाया जाता रहा।

करीब 25 मिनट में एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने पानी से घिरे मकान से कौशल गौतम, उनके बुजुर्ग माता-पिता और गर्भवती पत्नी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सभी सदस्यों को सकुशल रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।

कौशल गौतम ने बताया कि उनकी पत्नी गर्भवती हैं और पांडु नदी का पानी आबादी में आने के कारण पूरा परिवार घर में फंस गया था। पत्नी को चिकित्सकीय परामर्श के लिए बाहर ले जाना जरूरी था, इसलिए उन्होंने प्रशासन से मदद मांगी। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने के बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की और व्हाट्सऐप के माध्यम से लगातार उनसे संपर्क बनाए रखा।

कौशल गौतम ने त्वरित मदद के लिए जिला प्रशासन और रेस्क्यू टीम का आभार जताया। उन्होंने कहा कि समय पर सहायता मिलने से उनके परिवार को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका।

तहसीलदार सदर विनय कुमार द्विवेदी ने बताया कि राहत हेल्पलाइन के माध्यम से परिवार के फंसे होने की सूचना मिलते ही एनडीआरएफ को मौके पर भेजा गया। गर्भवती महिला को चिकित्सकीय परामर्श के लिए बाहर जाना था, इसलिए परिवार को जल्द से जल्द सुरक्षित निकालना प्राथमिकता थी।

उन्होंने बताया कि एनडीआरएफ की टीम ने समय रहते मौके पर पहुंचकर परिवार के सभी सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सभी सदस्य सकुशल हैं।

राहत हेल्पलाइन 1070 पर एक कॉल, प्रशासन की ओर से व्हाट्सऐप के जरिए लगातार संपर्क और करीब 25 मिनट में मौके पर पहुंची एनडीआरएफ टीम के समन्वित प्रयास से पांडु नदी के पानी से घिरे परिवार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments